Monday, February 16, 2026

महाराष्ट्र: लातूर में आवारा कुत्तों का आतंक, एक दिन में महिला डॉक्टर समेत 35 लोगों पर हमला


लातूर, 24 दिसंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के लातूर जिले के उदगीर शहर में आवारा कुत्तों का आतंक देखने को मिला है। इन आवारा कुत्तों ने एक ही दिन में लगभग 35 लोगों पर हमला किया, जिससे पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया।

23 दिसंबर को शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच, शहर के अलग-अलग इलाकों में कुत्तों ने 25 लोगों को काट लिया। वहीं शाम 7 से 8 बजे के दौरान, चौबारा और किल्ला गली इलाके में 10 और लोगों पर कुत्तों ने हमला किया। स्कूली बच्चों, दुकानदार और एक महिला डॉक्टर भी आवारा कुत्तों के हमलों का शिकार बनी। एक घटना में कुत्तों ने दो साल के मासूम बच्चे के होंठ को नोंच लिया।

अपने बेटे को अस्पताल लेकर पहुंचे एक व्यक्ति ने बताया कि बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान आवारा कुत्तों ने उस पर हमला किया। कुत्तों ने बच्चे के होंठ को नोंच लिया। इसके अलावा, सीने और हाथ-पैर पर भी काटा।

महिला डॉक्टर ने बताया कि वह अपने क्लीनिक के लिए जा रही थी। अचानक रास्ते में कुत्ते ने हमला कर दिया और पैर पर जोर से काटा। इसके कारण उसे मरीजों को छोड़कर पहले अपने लिए रैबीज वैक्सीन के लिए अस्पताल जाना पड़ा। उन्होंने नगर पालिका से अनुरोध करते हुए कहा कि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों को पकड़ा जाना चाहिए।

एक अन्य नागरिक ने बताया कि एक बच्चा घर से ट्यूशन के लिए जा रहा था। रास्ते में अचानक से उस पर कुत्तों ने हमला करते हुए उसे कई जगह काट लिया।

लगातार हो रहे इन हमलों से उदगीर शहर के नागरिकों में भारी डर और आक्रोश है। इस बीच अभियान प्रमुख संजय कुमार कांबले ने नगरपालिका प्रशासन को सख्त चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अगर शहर के सभी आवारा कुत्तों का तत्काल बंदोबस्त नहीं किया गया तो आंदोलन के तहत मुख्याधिकारी के कार्यालय में कुत्ते छोड़े जाएंगे।

–आईएएनएस

डीसीएच/


Related Articles

Latest News