Saturday, February 21, 2026

यमुना एक्सप्रेसवे पर ओवरटेक के दौरान हादसा, मैजिक पर सवार दस लोग घायल


ग्रेटर नोएडा, 24 फरवरी (आईएएनएस)। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक हादसे में 10 लोग घायल हो गए। सभी घायल मैजिक वाहन पर सवार थे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार जेवर क्षेत्र के कुरैल से लगभग एक दर्जन लोग दादरी में अपनी किसी रिश्तेदारी में आयोजित जागरण में शामिल होने के लिए शुक्रवार को आए थे। शनिवार सुबह सभी लोग मैजिक वाहन में सवार होकर यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते वापस कुरैल जा रहे थे।

जीरो प्वाइंट से लगभग 23 किमी आगे आगरा की ओर जाते हुए रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में मैजिक चालक ने आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। मैजिक पर सवार करीब दस लोगों को अधिक चोटें आई है। सूचना पाकर पुलिस, राहत और बचाव दल के सदस्य मौके पर पहुंचे।

सभी घायलों को उपचार के लिए जेवर स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में मनवीर (60), वीना (35), ओमपाल (34), बाला (35), प्रकाशी (38), विरेंद्र (50) और नरेन्द्र (30) को गंभीर चोटें आई हैं।

–आईएएनएस

पीकेटी/एबीएम


Related Articles

Latest News