विराट कोहली का विकेट लेना एक सपना सच होने जैसा था: विप्रज निगम


नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। युवा खिलाड़ी विप्रज निगम ने आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए डेब्यू किया था। अपने डेब्यू के साथ ही विप्रज टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी बन गए थे। वह गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही क्षेत्रों में टीम के लिए उपयोगी अंशदान देते हैं।

विप्रज निगम ने ‘जियोस्टार प्रेस रूम’ में बात करते हुए डीसी के अब तक के सीजन, एक खिलाड़ी के तौर पर अपने सुधारों और विराट कोहली के खिलाफ अपनी रणनीति पर बात की।

विप्रज ने कहा, “बहुत सारे बदलाव हैं जो मैं देख सकता हूं। मैंने उत्तर प्रदेश के लिए पूरा घरेलू सीजन खेला और भारत ए के मैच भी खेले। पिछले साल आईपीएल से जो सीखा, उसे मैं घरेलू क्रिकेट में वापस ले गया। इंडिया ए एक और बहुत बड़ा सीखने का अनुभव था और एक नए ड्रेसिंग रूम, कुछ नए खिलाड़ियों और भारत के कुछ शीर्ष खिलाड़ियों के साथ अच्छा अनुभव मिला जो पहले से ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे थे। उनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना, कुछ नई स्किल्स सीखना और अपने स्किल में कुछ और जोड़ने की कोशिश करना एक अच्छा अनुभव था। इसलिए, आईपीएल में आने से पहले मैंने जितने भी टूर्नामेंट खेले, और अभ्यास सत्र के दौरान उस अनुभव का इस्तेमाल करने की कोशिश की।”

कप्तान अक्षर पटेल और नेतृत्व वाले ग्रुप में शामिल लोगों से बातचीत पर उन्होंने कहा, “अक्षर पटेल, केएल राहुल, और पूरा कोचिंग स्टाफ—मुझे कभी ऐसा नहीं लगा कि कोई मेरे साथ ऐसा बर्ताव कर रहा है जैसे मैं अनुभवहीन हूं या मुझमें स्किल्स की कमी है। पिछले साल से अब तक, मैंने जितने भी मैच खेले हैं, सभी ने हमेशा मेरा साथ दिया है और मुझे दबाव की स्थिति में कैसे रिएक्ट करना है और गेम में ज्यादा शामिल कैसे रहना है, यह सीखने में मदद की है। अगर मुझे कोई शंका होती है, तो मैं हमेशा उनसे बात करके चीजों को स्पष्ट करता हूं। सभी ने सच में बहुत समर्थन किया है।”

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ राइवलरी वीक मैच से पहले विराट कोहली के खिलाफ योजना पर युवा क्रिकेटर ने कहा,

“अगर आप विराट कोहली को देखें, तो विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के खिलाफ गलती की गुंजाइश बहुत कम होती है। आप जानते हैं कि अगर आप थोड़ी सी भी गलती करते हैं, तो वे रन बना लेंगे, अच्छी गेंद पर भी। इसलिए,योजना आसान है, बस उसे लागू करना है। यह सिर्फ विराट के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरी टीम के लिए है। कोशिश यही होगी कि जो पिछले साल हुआ था, उसे दोहराया जाए। दबाव हमेशा रहता है। विराट जैसे खिलाड़ी के लिए, मुझे लगता है कि रणनीति और आप जो भी योजना बनाते हैं, वह हमेशा एडजस्ट करने लायक होना चाहिए क्योंकि गेम से पहले आपने जो भी प्लान बनाया है, उसका कोई मतलब नहीं है, क्योंकि मैच के दौरान दबाव बिल्कुल अलग होता है। इसलिए, जो काम कर रहा है, उसी पर टिके रहो और उन्हें कम से कम स्कोर पर आउट करने की कोशिश करो।”

पिछले सीजन में विराट कोहली का विकेट लेने पर उन्होंने कहा, “पिछले सीजन से पहले भी, मैंने विराट कोहली का विकेट लेने की इच्छा जताई थी, और अगले ही गेम में यह हो गया। यह एक सपना सच होने जैसा था। मैं मैच के बाद विराट भाई से मिलने गया और उनसे पूछा कि मैं अपनी गेंदबाजी और अपने ऑल-राउंड गेम में और क्या जोड़ सकता हूं, क्योंकि हम सब जानते हैं कि हर साल गेम कैसे बदल रहा है। टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजी कैसे एक अलग स्तर पर पहुंच गई है, और विकेट कैसे हैं। उन्होंने बस इतना कहा कि स्किल के हिसाब से कुछ भी बदलने की जरूरत नहीं है, बस नई चीजें सीखते रहो और उन्हें अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी जोड़ने के तरीके ढूंढो और बेहतर होते रहो।”

आईपीएल 2026 में लगातार 2 हार के बाद टीम की स्थिति पर उन्होंने कहा, “हौसला अभी भी ऊंचा है। हां, हम पिछले दो मैच हार गए, लेकिन हमने उसका विश्लेषण किया है कि हमसे कहां गलती हुई और हमने क्या गलतियां कीं। हमारे पिछले मैच के बाद से हमें लगभग एक सप्ताह हो गया है, इसलिए हमारे पास उन एरिया पर काम करने का समय है जहां हमें सुधार करने की जरूरत है और उम्मीद है कि अगले मैच से हम और मजबूत होकर वापसी करेंगे। टीम का माहौल भी बहुत अच्छा है। सभी सीनियर खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ और सभी ने खिलाड़ियों को खुलकर खेलने की आजादी दी है। इसलिए, किसी पर भी वह दबाव महसूस नहीं हो रहा है। हम अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं, बस इसमें सुधार की जरूरत है।”

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News