टी20 वर्ल्ड कप: वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म चिंता का विषय नहीं: सूर्यकुमार यादव


अहमदाबाद, 7 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। वरुण चक्रवर्ती के लिए पिछले कुछ मुकाबले निराशाजनक रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में वरुण ने 4 ओवर के स्पेल में 64 रन दिए थे। हालांकि, कप्तान सूर्यकुमार यादव का कहना है कि वरुण की खराब फॉर्म चिंता का विषय नहीं है।

सूर्यकुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “चिंता की कोई बात नहीं है। हम मैच जीत गए हैं। यह एक टीम स्पोर्ट है। हर कोई अपना बेस्ट देता है। जब सब मिलकर अच्छा प्रदर्शन करते हैं तभी आप जीतते हैं। एक बार जब हम मैच जीत जाते हैं, तो हम किसी के बारे में ज्यादा नहीं सोचते। हालांकि, टीम ऊपर-नीचे होती रहती है। टीम में 11 खिलाड़ी हैं। हर किसी का दिन अच्छा नहीं होगा। हर किसी के प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव आ सकता है। बाकी खिलाड़ी उन्हें कवर करने के लिए हैं। मुझे इसकी चिंता नहीं है। वह दुनिया के नंबर एक गेंदबाज हैं। वह एक वर्ल्ड-क्लास बॉलर हैं और मैच जिताना जानते हैं। वह निश्चित रूप से अच्छा प्रदर्शन करेंगे।”

सूर्या ने कहा कि वह ऑफ स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन से भी बिल्कुल चिंतित नहीं हैं। उन्होंने कहा, “हमने इस पर बिल्कुल भी बात नहीं की है। अगर हम 120 के स्ट्राइक रेट से फाइनल खेल रहे हैं, तो मैं 120 के स्ट्राइक रेट से खेलना पसंद करूंगा। टीम के साथ कोई प्रॉब्लम नहीं है। हम कभी-कभी बातचीत करते हैं, लेकिन हम उन पर ध्यान नहीं देते। किसी दिन अगर कोई बल्लेबाज किसी बॉलर के खिलाफ अच्छा करता है, तो उस समय मैदान में जाकर बैटिंग करना और टीम की जरूरतों को पूरा करना जरूरी होता है। हम वही कर रहे हैं।”

भारतीय टीम ने कुल चौथी और लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है। अहमदाबाद में अगर टीम इंडिया फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराने में सफल रहती है, तो भारतीय टीम इतिहास रच देगी। उल्लेखनीय है कि इस टूर्नामेंट के इतिहास में कोई भी टीम टी20 विश्व कप के खिताब का बचाव नहीं कर सकी है। न्यूजीलैंड ने दूसरी बार फाइनल का टिकट हासिल किया है। इससे पहले टीम ने टी20 विश्व कप 2021 का फाइनल मैच खेला था, जहां कीवी टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News