Monday, February 16, 2026

टी20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले नामीबिया की टीम में बदलाव


नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया अपना अंतिम मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ 18 फरवरी को खेलेगा, जिससे पहले इस टीम में बदलाव हुआ है। इस मैच के लिए नामीबिया ने एलेक्स वोल्शेंक को टीम में शामिल किया है। उन्हें चोटिल बेन शिकोंगो के स्थान पर मौका दिया गया है।

बेन शिकोंगो 12 फरवरी को भारत के खिलाफ मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे। दाहिनी जांघ में चोट लगने के कारण उन्हें इस विश्व कप से बाहर होना पड़ा, जिसके बाद आईसीसी ने वोल्शेंक को शिकोंगो की जगह लेने की मंजूरी दी थी।

उल्लेखनीय है कि किसी खिलाड़ी की जगह लेने के लिए इवेंट टेक्निकल कमेटी की मंजूरी जरूरी है।

ग्रुप-ए में मौजूद नामीबिया ने इस टूर्नामेंट में अपना पहला मैच नीदरलैंड के खिलाफ खेला, जिसे 7 विकेट से गंवाया। इसके बाद अगले मुकाबले में भारत के खिलाफ 93 रन से हार का सामना किया। इसके बाद उसे यूएसए के विरुद्ध 31 रन से हार का सामना करना पड़ा था।

शुरुआती तीनों मुकाबले गंवाकर नामीबिया खिताबी रेस से बाहर है। हालांकि, यह टीम 18 फरवरी को पाकिस्तान के विरुद्ध अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी।

वहीं, 12 फरवरी को ट्रेनिंग सेशन के दौरान सीमर सफयान शरीफ के दाहिने ग्रोइन में चोट लगी थी, जिसके बाद स्कॉटलैंड ने सफयान की जगह जैक जार्विस को टीम में शामिल किया है। जार्विस ने स्कॉटलैंड के लिए अब तक 8 टी20 मैच खेले हैं। वह पहले से ही टीम के साथ ट्रैवलिंग रिजर्व के तौर पर शामिल थे।

स्कॉटलैंड की टीम 3 में से 1 मैच जीतकर ग्रुप-सी की प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है। इस टीम ने वेस्टइंडीज के विरुद्ध अपना पहला मैच 35 रन से गंवाया था, जिसके बाद इटली के खिलाफ 73 रन से जीत हासिल की। अगले मैच में इस टीम को इंग्लैंड के हाथों 5 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। फिलहाल इस स्कॉटलैंड के पास सुपर-8 में पहुंचने का मौका है।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News