नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के खिलाड़ी मोहम्मद नबी पर बुधवार को अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के मैच के दौरान आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 को तोड़ने के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
नबी को खिलाड़ियों और प्लेयर सपोर्ट स्टाफ के लिए आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.4 को तोड़ने का दोषी पाया गया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के निर्देश को न मानने से जुड़ा है।
जुर्माने के अलावा नबी के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया है। पिछले 24 महीने में उनकी यह पहली गलती थी।
यह घटना अफगानिस्तान की पारी के 14वें ओवर की शुरुआत में हुई, जब नबी की अंपायरों के साथ गेंदबाज लुंगी एनगिडी के कलाई बैंड को लेकर लंबी बहस हुई।
नबी ने अपनी गलती मान ली है और एमिरेट्स आईसीसी अंतर्राष्ट्रीय पैनल ऑफ मैच रेफरी के डेविड गिल्बर्ट की सजा भी मान ली है। इसलिए आईसीसी द्वारा औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी।
ऑन-फील्ड अंपायर जयरामन मदनगोपाल और शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, थर्ड अंपायर नितिन मेनन और चौथे अंपायर के.एन. अनंथापद्मनाभन ने नबी पर आरोप लगाए थे। लेवल 1 के उल्लंघन में कम से कम आधिकारिक फटकार, ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट पॉइंट मिलते हैं।
अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच बेहद रोमांचक मैच खेला गया था जिसका परिणाम दो सुपरओवर के बाद निकला था। निर्धारित समय में टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 187 रन बनाए थे। अफगानिस्तान भी 19.4 ओवर में 187 रन पर सिमट गई। इसके बाद हुए पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका ने भी 17 रन बनाए और मैच दूसरे सुपर ओवर में पहुंच गया। इसमें दक्षिण अफ्रीका ने पहले खेलते हुए 23 रन बनाए।
24 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी अफगानिस्तान ने पहले 2 गेंदों में बिना किसी रन के मोहम्मद नबी का विकेट गंवा दिया। अगले 4 गेंदों पर 24 रन चाहिए थे। रहमानुल्लाह गुरबाज ने केशव महाराज को लगातार 3 छक्के लगाए। इसके बाद केशव ने वाइड फेंकी। आखिरी गेंद पर 5 रन चाहिए थे। गुरबाज इस गेंद पर आउट हो गए और अफगानिस्तान रोमांचक मुकाबले को 4 रन से गंवा बैठी।
दक्षिण अफ्रीका से मिली हार के बाद अफगानिस्तान के लिए सुपर 8 की राह लगभग समाप्त हो गई है।
–आईएएनएस
पीएके
