टी20 वर्ल्ड कप: भारत या इंग्लैंड, केविन पीटरसन ने बताया कौन सी टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल खेलेगी?


मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में गुरुवार शाम 7 बजे से खेला जाना है। सेमीफाइनल जीतने वाली टीम 8 मार्च को अहमदाबाद में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड का सामना करेगी। न्यूजीलैंड ने बुधवार को कोलकाता में खेले गए पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले सेमीफाइनल को लेकर कयासों का बाजार गर्म है। स्थानीय होने की वजह से भारतीय टीम को इस मैच में फेवरेट माना जा रहा है, लेकिन इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने इससे अलग राय रखते हैं। पीटरसन का मानना है कि इंग्लैंड भारतीय टीम को मात देते हुए फाइनल में जगह बनाएगी।

पीटरसन ने बुधवार देर रात एक्स पर लिखा, “रविवार को टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच होगा। यह एक शानदार गेम होना चाहिए।” पीटरसन ने ये पोस्ट न्यूजीलैंड-दक्षिण अफ्रीका मैच के बाद की थी।

भारत और न्यूजीलैंड लगातार तीसरे टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने हैं। टी20 विश्व कप 2022 में भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल में भिड़े थे। इंग्लैंड ने मैच जीता था और आगे चलकर फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। विश्व कप 2024 में भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल में फिर आमने-सामने थे। इस बार विजेता टीम इंडिया थी। भारतीय टीम ने भी फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था। इस तरह भारत और इंग्लैंड के बीच हुए पिछले दो सेमीफाइनल से विश्व कप का विजेता भी मिला है। ऐसे में गुरुवार को होने वाले मुकाबले के और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।

हेड-टू-हेड आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 29 टी20 मुकाबले खेले गए हैं। भारतीय टीम 17 बार और इंग्लैंड 12 बार विजयी रही है। आंकड़े भारतीय टीम इंडिया के पक्ष में हैं। हालांकि, हर मैच अलग होता है और विजेता का निर्णय दिन विशेष पर किए प्रदर्शन के आधार पर ही होगा।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News