Saturday, February 21, 2026

सुभाष घई ने 'एनिमेलिया' का किया सफल आयोजन, एनिमेशन के दिग्गजों ने की शिरकत


मुंबई, 21 फरवरी (आईएएनएस)। सुभाष घई की कंपनी मुक्ता आर्ट्स अब एनीमेशन की दुनिया में कदम रखने जा रही है। हाल ही में उन्होंने अपने एक्टिंग स्कूल व्हिस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल कैंपस में तीन दिवसीय एनिमेशन फेस्टिवल ‘एनिमेलिया’ का आयोजन किया था, जो कि अब समाप्त हो चुका है।

इस फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य एनिमेशन इंडस्ट्री को नई ऊर्जा देना और भारतीय कहानियों को वैश्विक स्तर पर पहुंचाना था, जो एक महत्वपूर्ण कदम था।

सुभाष घई ने शनिवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर फेस्टिवल के समापन की कुछ झलकियां पोस्ट कीं। इसमें वे सम्मानित लोगों के साथ नजर आ रहे हैं। सुभाष ने लिखा, “व्हिस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल के लिए यह बहुत ही गर्व की बात है कि उसके कैंपस में पिछले तीन दिनों से एनिमेशन की दुनिया का तीन दिवसीय फेस्टिवल एनिमेलिया बड़े उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ मनाया गया। फेस्टिवल को लेकर हमारा उद्देश्य यही था कि भारतीय कहानियों के साथ इस एनिमेशन इंडस्ट्री को और आगे बढ़ाया जाए।”

फेस्टिवल में कई हस्तियों ने शिरकत की थी, जिनमें नीना सबनानी, अनीता कर्णिक और कई लोग शामिल थे। निर्देशक ने सभी का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, “फेस्टिवल डायरेक्टर नीना सबनानी, अनीता कर्णिक, अर्चना ट्रेज, फ्रेंच एम्बेसी के मैथ्यू बेजो, ऐन दोशी और व्हिस्लिंग वुड्स से मेघना और चैतन्य से मिलकर बहुत अच्छा लगा। आप सभी का धन्यवाद और आशीर्वाद।”

बता दें कि इस फेस्टिवल के जरिए एनिमेशन की दुनिया में आगे बढ़ने पर जोर दिया गया। अभी फेस्टिवल के दौरान सुभाष घई ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा था कि सबसे पहले वे अपनी पहली निर्देशित फिल्म कालीचरण को ही एनिमेशन में उतारेंगे।

उन्होंने कहा था, “मैं सबसे पहले अपनी फिल्म कालीचरण को दिखाना चाहता हूं। ऐसा इसलिए भी क्योंकि इसकी कहानी बहुत दिलचस्प और मजेदार है और मुझे लगता है कि आज के बच्चों को भी इसकी कहानी जाननी चाहिए। यह ऐसी फिल्म है जिसे थिएटर में भी दिखाया जा सकता है और एनीमेशन के रूप में भी बनाया जा सकता है।

उन्होंने आगे कहा कि एनीमेशन में कहानी को थोड़ा अलग तरीके से दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा, “कहानी की मूल कहानी (प्लॉट) वही रहेगी, लेकिन कलाकार और उसे प्रस्तुत करने का अंदाज अलग होगा।”

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी


Related Articles

Latest News