दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट के विमान ने अकासा प्लेन को टक्कर मारी , सभी यात्री सुरक्षित; दोनों विमानों को मामूली नुकसान

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (केसरिया न्यूज़)। गुरुवार दोपहर दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट के एक विमान की अकासा एयर के खड़े विमान से टक्कर हो गई। इस घटना में दोनों विमानों को मामूली नुकसान हुआ, लेकिन किसी यात्री या क्रू सदस्य को कोई चोट नहीं आई।

यह घटना दोपहर करीब 2:15 बजे हुई, जब लेह से आया स्पाइसजेट का विमान अपने निर्धारित गेट की ओर टैक्सी कर रहा था और इसी दौरान उसने अकासा एयर के एक विमान को टक्कर मार दी, जो हैदराबाद जाने के लिए तैयार खड़ा था।

प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, टक्कर में स्पाइसजेट विमान के दाहिने विंगलेट को नुकसान पहुंचा, जबकि अकासा एयर के विमान के बाएं हिस्से (हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर) को क्षति हुई। अकासा एयर के प्रवक्ता ने बयान में कहा कि दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट क्यूपी 1406 को इस घटना के बाद वापस बे (पार्किंग एरिया) में लाना पड़ा।

एयरलाइन के अनुसार, शुरुआती जानकारी में पता चला है कि उनका विमान खड़ा हुआ था, तभी दूसरे एयरलाइन के विमान ने उस विमान को टक्कर मार दी। प्रवक्ता ने कहा, “अकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी 1406, जो दिल्ली से हैदराबाद जा रही थी, 16 अप्रैल को वापस बे (पार्किंग एरिया) में लाई गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आकासा का विमान खड़ा था जब दूसरे विमान ने उसे टक्कर मारी।”

एयरलाइन ने बताया कि सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

आकासा एयर ने यह भी कहा कि संबंधित अधिकारियों को इस घटना की जानकारी दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।

एयरलाइन ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।इससे पहले इसी महीने इंडिगो के एक विमान से कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक कैटरिंग वैन टकरा गई थी।

यह घटना एयरपोर्ट के बे नंबर 51 पर हुई थी, जिसमें विमान को मामूली नुकसान पहुंचा था।

–केसरिया न्यूज़

Related Articles

Latest News