अमेरिकी सीनेट सीट के लिए विशेष चुनाव में निक्की हेली के नाम को लेकर अटकलों पर लगा विराम, दावेदारी से किया इनकार


वाशिंगटन, 13 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गवर्नर निक्की हेली, सीनेटर लिंडसे ग्राहम की जगह लेने के लिए होने वाले विशेष चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगी। अटकलें लगाई जा रही थी कि निक्की इस चुनाव में हिस्सा ले सकती हैं। हालांकि, रविवार को उनके प्रवक्ता की ओर से साझा जानकारी के बाद इस मशहूर भारतीय अमेरिकी रिपब्लिकन नेता के राजनीतिक प्लान के बारे में शुरुआती अटकलों पर पूर्णविराम लग गया है।

एनबीसी न्यूज के रिपोर्टर एलेक हर्नांडेज के मुताबिक प्रवक्ता ने कहा, “हालांकि उन्हें गवर्नर, यूएन राजदूत और राष्ट्रपति के उम्मीदवार के तौर पर अपने राज्य और देश की सेवा करने का मौका मिला है, लेकिन इस समय उनका चुनाव लड़ने का कोई योजना नहीं है।”

बता दें, शनिवार को सीनेटर लिंडसे ग्राहम की अचानक मौत के बाद हेली का नाम उन कई रिपब्लिकन के साथ आया था जो इस सीट से चुनाव लड़ सकते थे। इनसाइड इलेक्शंस ने उन्हें कांग्रेसवुमन नैन्सी मेस, कांग्रेसमैन राल्फ नॉर्मन, लेफ्टिनेंट गवर्नर पामेला इवेट और बिजनेसमैन मार्क लिंच के साथ संभावित उम्मीदवार के तौर पर सूचीबद्ध किया था।

हेली ने पहले उत्तराधिकार के विवाद पर बात किए बिना ग्राहम को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “लिंडसे दक्षिण कैरोलिना से बहुत प्यार करते थे। ऐसा एक भी दिन नहीं था जब उन्होंने हमारे राज्य के लोगों के लिए लड़ना बंद किया हो। अपनी सैन्य सेवा और कई सालों तक पब्लिक ऑफिस में रहने के दौरान, उन्होंने अमेरिका और हमारे आजादी पसंद करने वाले साथियों की रक्षा के लिए अपना सब कुछ दे दिया। उनके जैसा दूसरा कोई नहीं था।”

दक्षिण कैरोलिना के गवर्नर हेनरी मैकमास्टर, जो एक रिपब्लिकन हैं, जनवरी में ग्राहम का कार्यकाल खत्म होने तक एक अंतरिम सीनेटर नियुक्त कर सकते हैं। उनके ऑफिस ने यह नहीं बताया है कि वह किसके बारे में सोच रहे हैं या नियुक्ति के बारे में ऐलान कब किया जाएगा।

मैकमास्टर के एक प्रवक्ता ने अमेरिकी मीडिया सीएनएन को बताया, “इस समय, हमारा फोकस सीनेटर ग्राहम की जिंदगी और सेवा को सम्मान देने पर है। वैकेंसी भरने की प्रक्रिया से जुड़े सवालों का गवर्नर ऑफिस तब समाधान निकालेगा जब साझा करने के लिए कोई अपडेट होगा।”

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनबीसी न्यूज को बताया कि उनके पास पहले से ही एक पसंदीदा उम्मीदवार है। उन्होंने उस व्यक्ति की पहचान बताने से मना कर दिया, यह कहते हुए कि ग्राहम की मौत के बाद यह बहुत जल्दी है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “मेरे पास कोई है जो मुझे लगता है कि बहुत अच्छा होगा, लेकिन मैं अभी यह नहीं कहना चाहता क्योंकि यह बहुत जल्दी है। मैं किसी के बारे में बात भी नहीं करना चाहता, लेकिन मेरे पास कोई है जो मुझे लगता है कि बहुत अच्छा है।”

साउथ कैरोलिना के कानून के अनुसार, उम्मीदवारों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 21 जुलाई से शुरू होगी और 28 जुलाई को समाप्त होगी। 11 अगस्त को रिपब्लिकन पार्टी की विशेष प्राथमिक चुनाव (स्पेशल प्राइमरी) आयोजित होगी। यदि किसी उम्मीदवार को 50 फीसदी से अधिक वोट नहीं मिलते हैं, तो 25 अगस्त को रनऑफ चुनाव कराया जाएगा।

रिपब्लिकन उम्मीदवार का मुकाबला नवंबर में होने वाले चुनाव में डेमोक्रेट उम्मीदवार एनी एंड्रयूज से होगा। चुनावी विश्लेषण संस्था इनसाइड इलेक्शंस ने इस सीट को ‘रिपब्लिकन के पक्ष में झुकाव वाली’ श्रेणी में रखा है।

सीएनएन से बातचीत में नैंसी मेस ने कहा कि वह चुनाव लड़ेंगी या नहीं, इस पर फैसला लेने के लिए अभी समय है। वहीं राल्फ नॉर्मन ने कहा कि उन्होंने अभी कोई निर्णय नहीं लिया है। दूसरी ओर, पामेला एवेट को भी चुनाव मैदान में उतरने के लिए लगातार फोन कॉल और आग्रह मिल रहे हैं। यह जानकारी मामले से जुड़े एक सूत्र के हवाले से सीएनएन ने दी।

हेली 2011 से 2017 तक दक्षिण कैरोलिना की गवर्नर रहीं। ट्रंप के उन्हें संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत नियुक्त करने से पहले, वह राज्य को लीड करने वाली पहली महिला और पहली भारतीय अमेरिकी थीं।

बाद में उन्होंने 2024 के रिपब्लिकन राष्ट्रपति नॉमिनेशन के लिए ट्रंप को चुनौती दी और नाम वापस लेने वाली उनकी आखिरी बड़ी प्रतिद्वंद्वी थीं। हेली रिपब्लिकन पॉलिटिक्स और विदेश नीति डिबेट्स में सक्रिय रही हैं, लेकिन उन्होंने कोई दूसरा चुना हुआ ऑफिस लेने के प्लान का ऐलान नहीं किया है।

–आईएएनएस

केके/पीएम


Related Articles

Latest News