Sunday, February 22, 2026

कुछ लोगों को गलतफहमी थी कि वह ओडिशा हथिया लेंगे : धर्मेंद्र प्रधान


संबलपुर, 5 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव 2024 में ओडिशा की राजनीति काफी दिलचस्प बनी हुई है। सालों बाद यहां बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ है। राज्य में कुल 21 लोकसभा सीटें हैं। इनमें से एक है संबलपुर। भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भरोसा जताया और इस भरोसे पर वो खरे उतरे। उन्होंने 1 लाख 19 हजार 836 वोटों से जीत हासिल की। उन्हें लगभग 5 लाख 92 हजार 162 वोट मिले।

धर्मेंद्र प्रधान के सामने बीजू जनता दल (बीजेडी) ने प्रणब प्रकाश दास को उतारा था और कांग्रेस ने नागेंद्र कुमार प्रधान को उम्मीदवार बनाया था। प्रणब प्रकाश दास को जहां 4 लाख 72 हजार 326 वोट मिले, वहीं नागेंद्र प्रधान के हिस्से में 89 हजार 113 वोट आए।

जीत के लिए आभार जताते हुए बीजेपी के रणनीतिकार धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ”मैं नतमस्तक होकर प्रणाम करता हूं। साढ़े 4 करोड़ उड़िया भाषी लोगों के चरणों में नतमस्तक होकर प्रणाम करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव अभियान के दौरान ओडिशा की जनता के सामने निवेदन रखा था। ओडिशा में अब हमें सेवा करने का अवसर दिया जाए। दशकों तक यहां कांग्रेस का शासन रहा है। पिछले 25 साल से बीजू जनता दल (बीजेडी) के नेतृत्व में शासन था। ओडिशा का विकास हो नहीं पाया है।”

”ओडिशा के लोगों की आकाक्षांशों को पूरा नहीं किया गया है। ओडिशा की मौलिक सुविधा को पूरा नहीं किया गया है। उसके ऊपर उड़िसा भाषा, संस्कृति, सभ्यता सवालिया निशान पर था। इसीलिए भारतीय जनता पार्टी को सेवा का अवसर दिया जाए। यही गुहार प्रधानमंत्री मोदी जी ने ओडिशा के वोटर से की थी।”

उन्होंने आगे कहा, ”आज मैं आश्वसत हूं, अति विनम्रता के साथ ओडिशा के सभी वोटर का आभार व्यक्त करता हूं। अभी-अभी प्रधानमंत्री मोदी जी ने अपने सोशल मीडिया के एक्स अकाउंट पर पोस्ट के जरिए आभार प्रकट किया है। यह ओडिशा के लोगों की जीत है, ओडिशा की आकांक्षा की जीत है। ओडिशा के लोगों के मन की उमंग की यह जीत है।”

”कुछ लोगों के मन में गलतफहमी थी कि वह सांस्कृति प्रदेश ओडिशा को हथिया लेंगे। उन्होंने एक नाकाम कोशिश की। मैं साढ़े चार करोड़ ओडिशा भाई-बहनों के सामने सिर झुकाकर प्रणाम करता हूं, आभार प्रकट करता हूं।”

धमेंद्र प्रधान ने कहा, ”एक और सीट भी हम जीत सकते हैं। ओडिशा के विधानसभा सीट के लिए जो चुनाव हुआ था, उसमें बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। मैंने पहले भी कहा था कि ओडिशा के लोगों का पीएम मोदी जी के साथ खास संबंध है और संबंध की कड़ी महा प्रभु जगन्नाथ हैं। बीजेपी की ओर से हम सभी लोग प्रधानमंत्री मोदी की ओर से किए गए वादों को पूरा करने की कोशिश करेंगे। मैं आज के शुभ अवसर पर एक बार फिर पीएम मोदी पर भरोसा करने के लिए आभार प्रकट करता हूं।”

—आईएएनएस

पीके/एसकेपी


Related Articles

Latest News