नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में भारत और न्यूजीलैंड ने मिलकर 414 रन बनाए। ऐसा दूसरी बार था, जब टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैच में 400 से ज्यादा रन बने।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। टीम इंडिया की इस पारी में संजू सैमसन ने सर्वाधिक 89 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 52 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, ईशान किशन ने 54 रन जुटाए।
इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवरों में 159 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम के लिए टिम सीफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन, जबकि कप्तान मिचेल सेंटनर ने 43 रन टीम के खाते में जोड़े। भारत ने 96 रन से मुकाबला जीतकर वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया। इसी के साथ भारत तीन बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाला पहला देश बना।
इससे पहले भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में कुल 499 रन बने थे। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। इस पारी में संजू सैमसन ने 89 रन जड़े थे। इसके अलावा, शिवम दुबे ने 43 रन और ईशान किशन ने 39 रन टीम के खाते जोड़े।
इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 246 रन बना सकी। मेहमान टीम की तरफ से जैकेब बेथेल ने 48 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 105 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
इनके अलावा, दो ऐसे मुकाबले रहे, जिसमें कुल 388 रन बने। इनमें एक मैच ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच साल 2010 में खेला गया था। वहीं, दूसरा मुकाबला साल 2016 में भारत और वेस्टइंडीज की टीमों के बीच खेला गया। ये दोनों ही सेमीफाइनल मैच थे।
–आईएएनएस
आरएसजी
