मुंबई, 28 फरवरी (आईएएनएस)। मशहूर गायक और संगीतकार पापोन (अंगाराग महंत) ने शनिवार को अपनी शादी के 22 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर उन्होंने पत्नी श्वेता मिश्रा महंत के लिए एक मजेदार नोट लिखा।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर पत्नी संग तस्वीर पोस्ट की। फोटो में दोनों गोवा में छुट्टियां मना रहे हैं और एक स्कूटी पर साथ बैठे हुए नजर आ रहे हैं।
पापोन ने लिखा, “शादी के 22 साल पूरे हो गए। वे (श्वेता मिश्रा महंत) अभी भी सही हैं और मैं अब भी सीख रहा हूं। हमने 29 साल साथ बिताए हैं। फिर भी मुझे हमारे साथ के मजेदार पल, छोटी-छोटी हलचल और हर रोज का वो सवाल ‘आज खाने में क्या है?’ बहुत अच्छा लगता है। श्वेता मिश्रा महंत मेरी सबसे पसंदीदा साथी हैं। उनके साथ मैं खुलकर हंस सकता हूं, बहस कर सकता हूं और बिना कुछ किए भी घंटों साथ बिता सकता हूं।”
उन्होंने आगे लिखा, “आने वाले सफर में और भी खूबसूरत पल साथ बिताने हैं। हर चीज के लिए धन्यवाद। हम दोनों को शादी की 22वीं सालगिरह मुबारक और आप सभी को शुभकामनाएं देने के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया।”
असम में जन्मे प्रमुख भारतीय पार्श्व गायक, संगीतकार और निर्माता पापोन (अंगाराग महंत) और श्वेता मिश्रा महंत के दो बच्चे हैं।
पापोन ने साल 1998 में स्निग्धा जुनाक एल्बम के असमिया गाने ‘नसाबा सोकुले’ से अपनी म्यूजिकल जर्नी शुरू की थी। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत आर्किटेक्चर की पढ़ाई छोड़कर प्लेबैक सिंगिंग में कदम रखकर की थी। उन्होंने 2004 में एल्बम ‘जोनाकी राती’ से करियर की शुरुआत की और 2012 में ‘द स्टोरी सो फार’ से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई।
पापोन ने असमिया लोक संगीत को मुख्यधारा में लाने में बड़ा योगदान दिया है। ‘मोरा पिया’, ‘काहे रे’, और ‘बुलबुल’ जैसे गाने उनके लोकप्रिय कामों में शामिल हैं। उन्होंने हिंदी, असमिया, बंगाली और अन्य भाषाओं में अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
–आईएएनएस
एनएस/डीकेपी
