रोम, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। इटली के कोवो में दो भारतीयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना तब हुई जब वे एक ऐसे गोदाम से बाहर निकल रहे थे, जिसका इस्तेमाल पूजा स्थल के तौर पर किया जाता था। स्थानीय मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह घटना शुक्रवार की रात को लोम्बार्डी क्षेत्र के बर्गामो शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के पास हुई। इटली के दैनिक अखबार ‘ला सिसिलिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, मरने वालों की पहचान 48 साल के रगिंदर सिंह (कोवो के रहने वाले) और गुरमीत सिंह (अग्नाडेल्लो से) के रूप में हुई है।
शक जताया जा रहा है कि यह एक सोची-समझी हत्या हो सकती है, क्योंकि हमलावर उन लोगों के पास आया, गोली चलाई और फिर कार में बैठकर मौके से फरार हो गया। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि यह कोई अचानक हुआ झगड़ा नहीं था, बल्कि एक तेज और जानलेवा हमला था। घटनास्थल से करीब दस खाली खोखे मिले हैं, जो सिर्फ दो लोगों को निशाना बनाने के लिए जरूरत से ज्यादा हैं।
‘ला सिसिलिया’ ने एक चश्मदीद के हवाले से बताया कि गोली चलाने वाला भी एक भारतीय था, जो उसी गुरुद्वारे में आता-जाता था। कुछ गवाहों ने यह भी बताया कि इस हमले में एक तीसरा व्यक्ति भी घायल हुआ है।
लोम्बार्डी और बर्गामो में रहने वाले सिख समुदाय के लोग इस घटना से सदमे में हैं। शव पोस्टमॉर्टम के लिए पाविया भेज दिए गए हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है, गवाहों से पूछताछ हो रही है और सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं।
कोवो के मेयर एंड्रिया कैप्पेलेत्ती ने कहा कि वहां का सिख समुदाय काफी शांतिपूर्ण है और पिछले 15 सालों से बिना किसी परेशानी के वहां रह रहा है।
–आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
