इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट से पहले भारतीय महिला टीम को झटका, प्रतीका बाहर, पुनिया को मौका

[ad_1]

202607083857065

नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम और इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के बीच 10 जुलाई से लॉर्ड्स में एकमात्र टेस्ट (चार दिवसीय) खेला जाना है। मुकाबले से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। शीर्ष क्रम की बल्लेबाज प्रतीका रावल इस मैच से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह प्रिया पुनिया को शामिल किया गया है।

प्रतीका रावल को पिछले सप्ताह टॉन्टन में इंग्लैंड ए के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के दौरान क्षेत्ररक्षण करते समय चोट लगी थी। चोटिल होने के बाद वह बल्लेबाजी के लिए नहीं आई थीं।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने रावल की इंजरी पर कहा, “उनके घुटने में कट लगा है जिसकी वजह से कुछ टांके लगे हैं। रावल की जगह पुनिया को टीम में शामिल किया गया है।”

पुनिया का टेस्ट फॉर्मेट में डेब्यू नहीं हुआ है। वह ए-टीमों की तीन मैचों की सीरीज में 2 अर्धशतक लगा चुकी हैं। वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आ सकती हैं, हालांकि इस क्रम पर उन्हें हरलीन देओल और यास्तिका भाटिया से कड़ी स्पर्धा मिलेगी।

इंजरी रावल के करियर की लिए अब तक सबसे बड़ी बाधा रही है। वह वनडे विश्व कप 2025 में भी इंजरी की वजह से बाहर हो गई थीं। उनकी जगह टीम में शेफाली वर्मा को शामिल किया गया था। इंजरी की वजह से रावल विमेंस प्रीमियर लीग 2025 भी नहीं खेल पाई थीं।

इंग्लैंड के खिलाफ होने वाला टेस्ट भारतीय महिला टीम का साल का दूसरा टेस्ट है। यह पहली बार है, जब लॉर्ड्स में महिला टीम का टेस्ट आयोजित होगा। इस तरह ये टेस्ट ऐतिहासिक होने वाला है।

टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। टीम को सेमीफाइनल से ही बाहर होना पड़ा था। ऐसे में टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन टीम का आत्मविश्वास बढ़ाएगा।

–आईएएनएस

पीएके

[ad_2]

Related Articles

Latest News