मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय फैशन डिजाइनर, राजनेता और सामाजिक कार्यकर्ता शाइना एनसी हमेशा बी टाउन की पार्टी और शादियों का हिस्सा रही हैं।
अब राजनेता शाइना एनसी ने हिंदी सिनेमा के बड़े लेखक सलीम खान से मुलाकात की और उन्होंने मुलाकात को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने लेखक के अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना भी की।
शिवसेना की प्रवक्ता शाइना एनसी ने सलीम खान से मुलाकात की, फोटो सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर शेयर की है, और उनका हेल्थ अपडेट भी दिया है।
मुलाकात के बाद शाइना ने लिखा, “सलीम खान अंकल से मुलाकात हुई और यह एक बेहद ज्ञानवर्धक अनुभव रहा। उनकी बुद्धिमत्ता, व्यावहारिक दृष्टिकोण और दशकों का जीवन अनुभव सचमुच प्रेरणादायक है। उनसे हुई हर बातचीत विनम्रता, दृढ़ता और दूरदर्शिता का पाठ है। उनके साथ बिताए समय और उनसे प्राप्त ज्ञान के लिए मैं आभारी हूं।”
उन्होंने आगे लिखा, “कुछ लोग सिर्फ जीवन जीते ही नहीं, बल्कि उसे गहराई से समझते भी हैं। वह उन्हीं में से एक हैं। ईश्वर उन्हें निरंतर स्वास्थ्य और सुख प्रदान करें।”
शिवसेना की प्रवक्ता शाइना एनसी बॉलीवुड की कई पार्टियों में नजर आ चुकी हैं। उन्हें हाल ही में चेतक स्क्रीन अवॉर्ड में बॉलीवुड सेलेब्स के साथ देखा गया था। उन्होंने अवॉर्ड फंक्शन की फोटोज को सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया था।
बता दें कि 17 फरवरी को सलीम खान को माइनर ब्रेन हैमरेज की शिकायत के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वे काफी दिन तक अस्पताल में भर्ती भी रहे थे। 17 मार्च को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था। इस दौरान सलीम खान का छोटा सा डिजिटल सबट्रैक्शन एंजियोग्राफी का प्रोसीजर हुआ था, जो सक्सेसफुल रहा था। यह प्रोसीजर ब्रेन नसों की रुकावटों को खोलने के लिए होता है। इसके अलावा, लेखक उम्र संबंधी परेशानियों से भी जूझ रहे थे।
अस्पताल से निकलने के बाद ईद के मौके पर लेखक की पहली झलक देखने को मिली थी, जहां वे बेटे सलमान खान और पूरे परिवार के साथ नजर आए थे। सलीम खान काफी कमजोर नजर आए थे। हालांकि अब लेखक पूरी तरह स्वस्थ हैं और फिलहाल घर पर आराम कर रहे हैं।
–आईएएनएस
पीएस/डीकेपी
