मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। एनएसई इंडेक्स लिमिटेड के सीईओ अनिरुद्ध चटर्जी ने गुरुवार को कहा कि एक्सचेंज की इंडेक्स स्ट्रेटजी तेजी से डेरिवेटिव से जुड़े शेयरों और नई पद्धतियों पर केंद्रित हो रही है, जिसमें निफ्टी इंडिया एफपीआई 150 इंडेक्स जैसे नए उत्पाद शामिल हैं।
एक इवेंट के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए चटर्जी ने बताया कि इंडेक्स को बनाने में डेरिवेटिव्स का उपयोग करना एक्सचेंज के लिए कोई नई बात नहीं है, क्योंकि एक्सचेंज ने वर्षों से अपनी पेशकशों में इस तरह के दृष्टिकोण को शामिल किया है।
उन्होंने कहा, “लगभग चार से पांच साल पहले एक्सचेंज ने सेक्टोरल इंडेक्स को तैयार करते समय फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (एफएंडओ) सेगमेंट के शेयरों को प्राथमिकता देने का रणनीतिक निर्णय लिया था।”
उन्होंने आगे बताया कि पिछले साल नवंबर में एक व्यापक रणनीति में बदलाव की घोषणा की गई थी और दिसंबर में इसका कार्यान्वयन शुरू हुआ।
इस बदलाव से प्रभावित प्रमुख सूचकांकों में से एक निफ्टी बैंक था, जिसे बैंक निफ्टी के नाम से भी जाना जाता है।
चटर्जी ने कहा, “इस परिवर्तन में उद्योग के हितधारकों के साथ व्यापक परामर्श शामिल था और इसे भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के साथ समन्वय से शुरू किया गया था।”
नए उत्पाद पर चर्चा करते हुए, चटर्जी ने हाल ही में लॉन्च किए गए निफ्टी इंडिया एफपीआई 150 सूचकांक को एक्सचेंज के इंडेक्स इकोसिस्टम के विस्तार में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने बताया,“यह इंडेक्स शेयरों का भार निर्धारित करने के लिए एक यूनिक फॉरेन इन्वेस्टमेंट फैक्टर पेश करता है, जिससे विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के लिए निवेश रणनीतियों को दोहराना आसान हो जाता है।”
चटर्जी ने आगे कहा कि यह लॉन्च निवेशकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप सूचकांकों की एक नई श्रृंखला विकसित करने की व्यापक योजना का हिस्सा है।
उन्होंने आगे कहा, “एक्सचेंज अपने आंतरिक विश्लेषण और सूचकांक निर्माण में तीन दशकों के अनुभव से प्राप्त जानकारियों के आधार पर भविष्य में ऐसे और उत्पाद पेश करने का इरादा रखता है।”
–आईएएनएस
एबीएस/
