बीजिंग, 23 मई (आईएएनएस)। ईरान और अमेरिका में जारी तनाव के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ शनिवार को चार दिवसीय यात्रा पर चीन पहुंचे हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, झेजियांग प्रांत के वाइस गवर्नर शू वेंगुआंग ने हांग्जो शियाओशान इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पीएम शहबाज का स्वागत किया। इस दौरे का मुख्य मकसद चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) के फेज 2 में सहयोग को आगे बढ़ाना है।
इस दौरान पाकिस्तान में चीन के राजदूत जियांग जैदोंग और इस्लामाबाद के दूत खलील हाशमी भी मौजूद थे। पीएम शहबाज का ये दौरा 26 मई तक चलेगा।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम शहबाज के इस दौरे को लेकर बताया गया कि प्रधानमंत्री के साथ डिप्टी प्राइम मिनिस्टर और विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार, प्लानिंग मिनिस्टर अहसान इकबाल, सूचना और प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार, आईटी मंत्री शजा फातिमा ख्वाजा और स्पेशल असिस्टेंट तारिक फातेमी भी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री हांग्जो में झेजियांग प्रांत के पार्टी सचिव से मिलेंगे। वह सीपीईसी फेज 2 के तहत पाकिस्तानी और चीनी कंपनियों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के लिए रखे गए एक बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान दोनों देशों में एग्रीमेंट्स और एमओयू एक्सचेंज होगा।
पीएम शहबाज बीजिंग में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री ली कियांग से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री पाकिस्तान-चीन कूटनीतिक संबंधों की 75वीं सालगिरह मनाने के लिए चाइनीज पीपल्स एसोसिएशन फॉर फ्रेंडशिप विद फॉरेन कंट्रीज द्वारा होस्ट किए गए एक रिसेप्शन में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री के चीन दौरे से पाकिस्तान-चीन रिश्तों में नए आयाम जुड़ेंगे, खासकर सीपीईसी फेज 2 के तहत पाकिस्तानी और चीनी कंपनियों के साथ सहयोग बढ़ेगा।
पाकिस्तानी विदेस मंत्रालय ने कहा, “दोनों पक्ष पॉलिटिकल, इकोनॉमिक और स्ट्रेटजिक डोमेन में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करेंगे, जिसमें खास तौर पर सीपीईसी के उच्च स्तरीय विकास, व्यापार, निवेश, औद्योगिक सहयोग, कृषि के मॉडर्नाइजेशन, सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान और तकनीक और लोगों के बीच एक्सचेंज पर फोकस होगा।” प्रधानमंत्री अपना दौरा हांग्जो से शुरू करेंगे, जहां वे पाकिस्तान-चीन बी2बी इन्वेस्टमेंट कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता करेंगे।
–आईएएनएस
केके/वीसी
