शादी के बाद रश्मिका मंदाना ने बयां किए संगीत के खूबसूरत जज्बात


मुंबई, 3 मार्च (आईएएनएस)। साउथ सिनेमा के कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा इन दिनों अपनी शादी के बाद खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। दोनों ने हाल ही में उदयपुर में तेलुगु और कोडवा रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की थी। शादी से पहले के उत्सवों में संगीत की रात खास रही, जिसके बारे में रश्मिका ने सोमवार को एक पोस्ट के जरिए बताया।

रश्मिका ने अपने इंस्टाग्राम पर संगीत की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इसमें रश्मिका और विजय साथ में नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ तस्वीरों में उनके परिवार के सदस्य भी शामिल नजर आ रहे हैं। रश्मिका ने पोस्ट के जरिए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने बताया कि यह रात प्यार, खुशी के आंसुओं, हंसी, संगीत, गानों, चमक-दमक और पूरी रात नाचने से भरी हुई थी। उन्होंने लिखा, “सच में, यह अब तक की सबसे मजेदार रात थी।”

रश्मिका ने आगे बताया कि वे और विजय एक-दूसरे को सरप्राइज देने की प्लानिंग कर रहे थे, लेकिन परिवार वालों ने उन्हें सरप्राइज दे दिया। अभिनेत्री ने लिखा, “जब मैंने अपने परिवार को इतने खुले दिल से और जोश से नाचते देखा, तो मैं और विजय खुश और हैरान हो गए। मेरा आउटफिट काफी शानदार था। कपड़े थोड़े भारी थे, लेकिन फिर भी मैं पूरी रात उसी में नाचती रही। 24 फरवरी 2026 वह खास रात थी, जब विजय और मैंने परिवार और दोस्तों के प्यार के बीच दिल खोलकर डांस किया।”

यह संगीत समारोह उदयपुर के आईटीसी मेमेंटोज होटल में हुआ था, जहां परिवार और करीबी दोस्तों ने जमकर एंजॉय किया।

बता दें कि फैंस रश्मिका और विजय को ‘विरोश’ नाम से बुलाते हैं और उनकी इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

26 फरवरी को उदयपुर में तेलुगु और कोडवा रीति-रिवाजों से संपन्न यह शादी दो संस्कृतियों का अनूठा संगम है। सुबह तेलुगु रीति-रिवाजों में जीलाकारा-बेल्लम जैसी वैदिक रस्में निभाई गईं, वहीं शाम को कोडवा परंपरा के अनुसार बिना पंडित और अग्नि के, योद्धा परंपराओं और ‘गंगा पूजा’ के साथ विवाह संपन्न हुई थी।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Related Articles

Latest News