Tuesday, February 24, 2026

नई ऊंचाई पर सेंसेक्स और निफ्टी


नई दिल्ली, 15 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को हफ्ते की शुरुआत सकारात्मक रही। सेंसेक्स ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। यह पहली बार 73,000 के पार चला गया, जबकि निफ्टी 22,000 के स्तर पर पहली बार पहुंचा।

एसएएस ऑनलाइन के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रेय जैन ने कहा कि सेंसेक्स में 1.05 फीसदी यानि 759.48 अंकों की अच्छी-खासी बढ़त दर्ज हुई और यह 73,327.94 पर बंद हुआ। निफ्टी में 202.90 अंक या 0.93 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 22,097.45 पर बंद हुआ।

चॉइस ब्रोकिंग के शोध विश्लेषक मंदार भोजने ने कहा कि बेंचमार्क सूचकांक 15 जनवरी को ऊंचे स्तर पर बंद हुए, सत्र के अंत तक सेंसेक्स और निफ्टी दोनों क्रमशः 73,322 और 22,104 की नई ऊंचाई पर पहुंच गए।

उन्होंने कहा कि यह उछाल आईटी शेयरों में आई तेजी के कारण है, जो दिसंबर तिमाही के नतीजों के अनुमान से बेहतर होने से प्रेरित है।

उन्होंने कहा, “दैनिक चार्ट को देखें तो निफ्टी ने एक गैप-अप ओपनिंग प्रदर्शित की, जिसके बाद यह निरंतर ऊपर की ओर गया , जिससे अच्छे वॉल्यूम के साथ एक हैमर कैंडलस्टिक पैटर्न बना।”

उन्होंने कहा कि यह पैटर्न सूचकांक में तेजी का संकेत देता है।

मंदार भोजने ने कहा, “अनुमान है कि निफ्टी अगले कुछ सत्रों में 22,300 तक पहुंच सकता है।”

बोनान्ज़ा पोर्टफोलियो के रिसर्च एनालिस्ट वैभव विदवानी ने कहा कि टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर की कीमत में इस घोषणा के बाद गिरावट आई कि वह धीरे-धीरे कैपिटल फूड्स में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी। कैपिटल फूड्स चिंग्स सीक्रेट और स्मिथ एंड जोन्स और ऑर्गेनिक इंडिया का मालिक है।

वैभव विदवानी ने कहा, “100 फीसदी कैपिटल फूड्स का उद्यम मूल्य 5,100 करोड़ रुपये है। हालांकि 75 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी एक बार में खरीदी जाएगी, शेष 25 प्रतिशत अगले तीन वर्षों में।”

निफ्टी पर विप्रो, ओएनजीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस और भारती एयरटेल शीर्ष लाभ में रहे, जबकि नुकसान उठाने वालों में एचडीएफसी लाइफ, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और आयशर मोटर्स शामिल हैं।

–आईएएनएस

एसकेपी/


Related Articles

Latest News