फीफा वर्ल्ड कप: 'राउंड ऑफ 32' से बाहर होने के बाद सेनेगल ने हेड कोच पापे थियाव को हटाया


डकार, 12 जुलाई (आईएएनएस)। ‘टेरंगा लायंस’ (सेनेगल टीम) को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ‘राउंड ऑफ 32’ में बेल्जियम के हाथों 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद सेनेगल फुटबॉल फेडरेशन (एफएसएफ) ने हेड कोच पापे थियाव और उनके पूरे टेक्निकल स्टाफ को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

यह फैसला शनिवार को एफएसएफ की एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में लिया गया। फेडरेशन ने इस कदम के पीछे टूर्नामेंट में टीम के नतीजों और भविष्य की संभावनाओं को मुख्य वजह बताया है।

पापे थियाव को दिसंबर 2024 में नेशनल टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया था, लेकिन उनका वर्ल्ड कप का सफर मुश्किलों भरा रहा। सेनेगल को ‘ग्रुप-आई’ में फ्रांस और नॉर्वे के खिलाफ अपने शुरुआती दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा, जिससे नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की उनकी उम्मीदें लगभग खत्म हो गई थीं। हालांकि, अपने आखिरी ग्रुप मैच में ईरान पर 5-0 की शानदार जीत ने सेनेगल को ‘बेस्ट थर्ड-प्लेस्ड टीमों’ में सबसे कम रैंकिंग वाली टीम के तौर पर आगे बढ़ने में मदद की। सिएटल में ‘राउंड ऑफ 32’ में बेल्जियम के खिलाफ उनका सफर दिल तोड़ने वाले अंदाज में खत्म हुआ।

सेनेगल 2-0 की बढ़त लेने और रेगुलर टाइम के आखिरी पलों तक बढ़त बनाए रखने के बाद अगले राउंड में पहुंचता हुआ दिख रहा था, लेकिन बेल्जियम ने मैच के आखिर में जबरदस्त वापसी करते हुए आखिरी पांच मिनट में 2 गोल दागकर मुकाबले को एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा दिया। आखिर में सेनेगल का बचाव टूट गया जब यूरी टिलेमैन्स ने पेनाल्टी को गोल में बदलकर बेल्जियम के लिए 3-2 से जीत पक्की कर दी।

सेनेगल फुटबॉल फेडरेशन ने रविवार को जारी एक बयान में कहा, “सेनेगल फुटबॉल फेडरेशन (एफएसएफ) फैंस को सूचित करता है कि शनिवार, 11 जुलाई 2026 को हुई एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक के बाद, नेशनल कोच मिस्टर पापे थियाव और उनके पूरे टेक्निकल स्टाफ की सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया गया है। यह फैसला 2026 फीफा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 32 में सेनेगल की राष्ट्रीय टीम के बाहर होने के बाद लिया गया है। राष्ट्रीय टीम के खेल नतीजों और भविष्य की संभावनाओं की अच्छी तरह से समीक्षा करने के बाद, कार्यकारी समिति ने सेनेगल के फुटबॉल के भले के लिए यह प्रक्रिया शुरू करना जरूरी समझा।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News