वैंकूवर, 22 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली ऐतिहासिक जीत के बाद मिस्र को बड़ा झटका लगा है। टीम को सिएटल में कैंप लगाने का फैसला बदलने पर मजबूर होना पड़ा है। मिस्र टीम की इस शहर में रुकने की गुजारिश को स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों ने स्वीकार करने से मना कर दिया है।
मिस्र की टीम अब स्पोकेन लौटेगी और वहीं से अगले मैच की तैयारी करेगी। मिस्र फुटबॉल संघ के अनुसार, टीम मैनेजर इब्राहिम हसन ने बताया कि सुरक्षा कारणों से अधिकारियों ने टीम के सिएटल में रुकने के अनुरोध को स्वीकार नहीं किया। इसी वजह से पूरे दल को स्पोकेन शहर लौटना पड़ेगा।
इब्राहिम हसन ने बताया कि टीम के कोचिंग स्टाफ ने पहले योजना बनाई थी कि न्यूजीलैंड पर 3-1 की जीत के बाद खिलाड़ी वैंकूवर से सीधे सिएटल जाएंगे। इसका मकसद खिलाड़ियों को अतिरिक्त यात्रा से बचाना और 27 जून को ईरान के खिलाफ होने वाले अहम ग्रुप मैच से पहले उनकी थकान कम रखना था, ताकि टीम बेहतर तैयारी कर सके।
मूल कार्यक्रम के अनुसार भी टीम को कनाडा से स्पोकेन वापस आना था और फिर 25 जून को सिएटल रवाना होना था। हालांकि, तकनीकी स्टाफ ने खिलाड़ियों की थकान कम करने के लिए इस योजना में बदलाव करने का फैसला लिया था। अब सुरक्षा एजेंसियों के फैसले के बाद टीम को पुरानी योजना पर ही चलना पड़ेगा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ मिस्र का प्रदर्शन शानदार रहा। पहले हाफ में 0-1 से पिछड़ने के बावजूद मिस्र ने मैच में जबरदस्त वापसी करते हुए दूसरे हाफ में तीन गोल किए और मैच को 3-1 से अपने नाम किया। मिस्र की तरफ से मुस्तफा जिको, मोहम्मद सालाह और ट्रेजेगुएट ने गोल किया।
फीफा वर्ल्ड कप में मिस्र को 92 साल 25 दिन बाद पहली जीत नसीब हुई है। मिस्र के कप्तान सालाह ने इस ऐतिहासिक जीत को देश के फुटबॉल इतिहास की सबसे बड़ी कामयाबी बताया। उन्होंने कहा कि इस जीत की खुशी को बयां करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। सालाह ने उम्मीद जताई है कि टीम अपने इस प्रदर्शन को टूर्नामेंट में आगे भी जारी रखेगी।
–आईएएनएस
एसएम/पीएम
