डोडा में बच्चों में बढ़ रहे मौसमी संक्रमण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों को किया सतर्क


डोडा, 3 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के डोडा में कई बच्चों को मौसमी बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टर इसके लिए अभिभावकों को सतर्कता और सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। डोडा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद शर्मा का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग गर्मी से जुड़ी बीमारियों (जैसे हीट स्ट्रोक) और मौसमी बीमारियों (जैसे खसरा और चिकनपॉक्स) के इलाज के लिए पूरी तरह तैयार है।

डोडा में आईएएनएस से बात करते हुए डॉ. विनोद शर्मा ने कहा कि बढ़ते तापमान और मौसमी संक्रमणों के कारण पैदा होने वाली किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं, दवाएं और स्टाफ की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि कुछ बच्चों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, जल्द ही उनकी रिपोर्ट आ जाएगी। कुछ बच्चों में त्वचा संक्रमण के मामले सामने आए हैं। जिनके बारे में आशंका है कि ये खसरा या चिकनपॉक्स हो सकते हैं। यह एक वायरल संक्रमण जैसा लग रहा है, जिसमें मरीजों को बुखार और सीने में संक्रमण हो जाता है। कुछ बच्चों की त्वचा पर छाले भी हो रहे हैं और उसी के अनुसार उनका इलाज किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अगर कोई बच्चा गंभीर स्थिति में आता है तो हम उसे भर्ती कर रहे हैं और स्वस्थ होने पर उन्हें छुट्टी दे दी जाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों का टीकाकरण समय पर करवाएं और इसे टीकाकरण कार्ड में जरूर दर्ज करवाएं। बच्चों को पर्याप्त आराम, पानी और समय पर भोजन जरूर दिया जाना चाहिए। कोई भी परेशानी होने पर डॉक्टर से जरूर संपर्क करें।

उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे शरीर में पानी की कमी न होने दें, अल्ट्रा-वायलेट किरणों के संपर्क में आने से बचें और गर्मी से जुड़ी बीमारियों से बचने के लिए उचित सावधानी बरतें। उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि बुखार, त्वचा संक्रमण या बीमारी के किसी भी अन्य लक्षण के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र जाएं।

सीएमओ ने इस बात पर जोर दिया कि गर्मी के मौसम में लोगों की सेहत की सुरक्षा के लिए समय पर इलाज और बचाव के उपाय बहुत जरूरी हैं।

–आईएएनएस

एएमटी/एबीएम


Related Articles

Latest News