अभिनेता राज किरण की तलाश में सोमी अली, कहा-अगर किसी को जानकारी हो तो जरूर बताएं


मुंबई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड की दुनिया में कई ऐसे कलाकार रहे हैं जिन्होंने एक समय पर बड़ी पहचान बनाई, लेकिन समय के साथ वे अचानक गुमनामी में चले गए। ऐसी ही एक कहानी अभिनेता राज किरण की है, जिनका आज तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। इस बीच अभिनेत्री सोमी अली उन्हें खोजने की कोशिश में जुटी नजर आ रही हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पुरानी यादों को ताजा करते हुए एक पोस्ट डाला और लोगों से मदद की अपील भी की है।

सोमी अली ने पोस्ट के जरिए राज किरण संग शूटिंग के दिनों को याद किया और बताया कि उनकी फिल्म ‘अर्थ’ उनके दिल के बेहद करीब है और आज भी वह इस फिल्म को अपनी पसंदीदा फिल्मों में गिनती हैं।

सोमी अली ने पोस्ट में लिखा, ”राज किरण जी आप कहां है… आपकी फिल्म ‘अर्थ’ मेरी हमेशा से पसंदीदा रही है। उन दिनों की हंसी, अपनापन और साथ बिताए पल मेरे दिल में एक खजाने की तरह सुरक्षित हैं।”

उन्होंने अपनी पोस्ट में आखिरी फिल्म ‘अग्निचक्र’ का जिक्र किया, जिसमें दोनों ने साथ काम किया था। उन्होंने कहा, ”फिल्म’अग्निचक्र’ की शूटिंग के दौरान बने रिश्ते और यादें आज भी मुझे अंदर से जोड़कर रखती हैं और मेरा मन बार-बार उन पलों में लौट जाना चाहता है।”

सोमी अली ने आगे कहा, ”मुझे जानकारी मिली थी कि राज किरण को आखिरी बार अटलांटा में देखा गया था। इसी उम्मीद में मैं कई बार वहां जा चुकी हैं, ताकि शायद कोई सुराग मिल सके। हालांकि, इतनी कोशिशों के बावजूद मुझे अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। मेरी लोगों से आग्रह है कि अगर किसी को उनके बारे में कुछ भी पता हो तो मुझे जरूर बताए।”

उन्होंने कहा, ”कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जिन्हें दोबारा जोड़ना बहुत जरूरी होता है। प्यार और उम्मीद के साथ… सोमी अली”

अगर राज किरण के फिल्मी सफर की बात करें तो उन्होंने ‘कर्ज’, ‘तेरी मेहरबानियां’, ‘घर हो तो ऐसा’ और ‘बुलंदी’ जैसी फिल्मों में काम करके अपनी अलग पहचान बनाई थी। वह खासतौर पर एक रोमांटिक हीरो के रूप में दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए थे लेकिन धीरे-धीरे वह साइड हीरो के तौर पर टाइपकास्ट होने लगे।

समय के साथ उनके करियर में गिरावट आई और निजी जीवन में भी कई परेशानियां सामने आईं। खबरों के अनुसार, वह मानसिक तनाव से जूझने लगे थे और पारिवारिक समस्याओं ने भी उन्हें काफी प्रभावित किया। कहा जाता है कि उन्हें मुंबई के बायकुला मेंटल असाइलम में भी भर्ती कराया गया था। इसके बाद उन्होंने सब कुछ छोड़कर विदेश जाने का फैसला किया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद वह अचानक गायब हो गए और फिर कभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई।

–आईएएनएस

पीके/पीएम


Related Articles

Latest News