ग्रेटर नोएडा के ग्रैंड वेनेज़िया प्रोजेक्ट में करोड़ों का घोटाला, निवेशकों ने फिर सुप्रीम कोर्ट का खटखटाया दरवाजा


ग्रेटर नोएडा, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के चर्चित ग्रैंड वेनेज़िया प्रोजेक्ट से जुड़े करोड़ों रुपए के घोटाले के मामले में निवेशकों ने एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। लंबे समय से अटके इस मामले में निवेशकों ने प्रोजेक्ट के प्रमोटर सतेंद्र सिंह भसीन पर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप लगाया है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

निवेशकों द्वारा दायर याचिका में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने 2 अप्रैल को अपने आदेश में भसीन के व्यवहार को देखते हुए उनकी जमानत रद्द कर दी थी। कोर्ट ने उन्हें सात दिनों के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया था। हालांकि, भसीन ने इस समयसीमा को बढ़ाने की मांग की थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था।

याचिका के अनुसार, भसीन को 9 अप्रैल तक सरेंडर करना था। लेकिन, निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बावजूद उन्होंने अब तक न तो पुलिस के सामने और न ही कोर्ट में आत्मसमर्पण किया है।

निवेशकों का आरोप है कि भसीन जानबूझकर कानूनी प्रक्रिया को लंबा खींचने की कोशिश कर रहे हैं और अलग-अलग कानूनी विकल्पों का सहारा लेकर मामले को टाल रहे हैं। उनका कहना है कि यदि ऐसे रवैये को नजरअंदाज किया गया, तो यह एक गलत उदाहरण साबित हो सकता है।

इसके अलावा, निवेशकों ने याचिका में उत्तर प्रदेश पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने भी सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के पालन के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। साथ ही यह आशंका भी जताई गई है कि भसीन देश छोड़कर फरार हो सकते हैं।

वहीं, याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि भसीन ने कोर्ट से महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई है। निवेशकों के अनुसार, उन्होंने दिल्ली और उत्तर प्रदेश में दर्ज कई एफआईआर की जानकारी कोर्ट को नहीं दी।

निवेशकों ने सुप्रीम कोर्ट से मांग की है कि भसीन को तुरंत सरेंडर करने का निर्देश दिया जाए। इसके अलावा, उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करने और देश से भागने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी करने की भी मांग की गई है।

–आईएएनएस

एबीएम


Related Articles

Latest News