Monday, February 16, 2026

पहली बार स्क्रीन पर साथ नजर आएगी सैफ-प्रतीक की जोड़ी, 'हम हिंदुस्तानी' में सुनाएंगे देश की अनसुनी कहानी


मुंबई, 3 फरवरी (आईएएनएस)। नेटफ्लिक्स जल्द ही वेब सीरीज ‘हम हिंदुस्तानी’ लेकर आ रहा है, जिसमें पहली बार अभिनेता सैफ अली खान और प्रतीक गांधी स्क्रीन पर साथ काम करते नजर आएंगे। यह पीरियड ड्रामा स्वतंत्र भारत के पहले लोकतांत्रिक चुनाव की अनसुनी कहानी सुनाएगा।

यह सीरीज भारतीय इतिहास के उस महत्वपूर्ण अध्याय को जीवंत करेगी, जिसने लोकतंत्र की नींव रखी। सीरीज में दिखाया जाएगा कि कैसे नए आजाद भारत में अधिकारियों की एक टीम अराजकता, विरोध और चुनौतियों के बीच देश का पहला आम चुनाव कराने के लिए संघर्ष करती है। सीरीज की कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और भारत के लोकतंत्र की नींव रखने वाले उन लोगों की मेहनत, विश्वास और साहस को उजागर करती है।

टीम के अनुसार, सीरीज न केवल मनोरंजन देगी, बल्कि आज के युवाओं को बताएगी कि भारत का लोकतंत्र कितनी मेहनत और संघर्ष से बना। उन्होंने बताया, “हर हिंदुस्तानी को वोट देने का अधिकार है, और यह देश के सबसे महत्वपूर्ण वादों में से एक है। यही ‘हम हिंदुस्तानी’ में दिखाया गया है। वास्तव में जमीनी स्तर पर काम करने वालों की नजर से इस ऐतिहासिक घटना को दिखाना हमारी जिम्मेदारी और सौभाग्य दोनों रहा। यह विश्वास, साहस और सामूहिक प्रयास की कहानी है, जिसने आज के भारत को आकार दिया। हमें राहुल ढोलकिया के विजन को नेटफ्लिक्स पर लाने और इस चैप्टर को सही पैमाने पर दर्शकों के सामने पेश करने पर गर्व है। हम इसके लिए उत्साहित हैं।”

‘हम हिंदुस्तानी’ के निर्देशक और लेखक राहुल ढोलकिया हैं, जिनकी फिल्में सामाजिक मुद्दों पर गहरी नजर रखती हैं। सीरीज का प्रोडक्शन एम्मे एंटरटेनमेंट ने किया है। निर्माता मोनिशा आडवाणी, मधु भोजवानी और निखिल आडवाणी हैं। सीरीज के एक्टर्स की बात करें तो सैफ अली खान और प्रतीक गांधी के साथ दीपक डोबरियाल, मिमी चक्रवर्ती, सारिका और श्रद्धा डांगर जैसे सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

–आईएएनएस

एमटी/डीकेपी


Related Articles

Latest News