सहारनपुर, 10 फरवरी (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी प्राची ने आईएएनएस के साथ बातचीत में हिंदुओं से अपनी जनसंख्या बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब हिंदुओं को देखना होगा, क्योंकि उनकी संख्या कम होती है तो उन्हें पलायन करना पड़ता है।
उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ की बात को फिर से दोहराते हुए कहा, “हिंदुओं सचेत और सावधान हो जाएं। हर कोई हिंदुओं को काटने के लिए तैयार बैठा है। कुछ क्षेत्रों में दूसरे लोगों की संख्या बढ़ती है, तो उस जगह से हिंदुओं को पलायन करना पड़ता है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले से दिए बयान का जिक्र करते हुए कहा, “मोदी ने लाल किले से इस बात पर जोर देते हुए कहा था कि हिंदुओं की डेमोग्राफी बहुत विचारणीय है। हमारी संख्या घटती जा रही है। इस पर हमें गंभीरता से सोचना होगा।”
साध्वी प्राची ने जोर देते हुए कहा कि मुसलमानों को हमारी संख्या कम होने पर एतराज किस बात का होगा? मुल्क हमारा है और कब्जा वे करते जा रहे हैं। उनकी संख्या बढ़ती जा रही है, जबकि हिंदू भोला-भाला सोता जा रहा है।”
साध्वी ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान को सही ठहराते हुए कहा, “भागवत ने ठीक कहा है कि हमें अपनी संख्या बढ़ाने पर सोचना पड़ेगा।”
उन्होंने पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए कहा, “देखिए, पाकिस्तान का काम ही है भारत से पिटने का। वे गलती करते हैं और फिर पिटते हैं। बार-बार गलती करना और पिटाई खाना उनकी फितरत बन गई है, लेकिन हमें अपने देश के सभी नागरिकों की रक्षा और सुरक्षा के बारे में सोचना होगा। पाकिस्तान का तो एजेंडा ही आतंकवाद है। वह तो खेल के जरिए ही आतंकवाद फैला सकता है।”
वीर सावरकर को भारत रत्न देने की केंद्र सरकार की योजना पर साध्वी ने कहा, “वीर सावरकर को सम्मानित करना बेहद जरूरी है, और मुझे लगता है कि ये पहले ही हो जाना चाहिए था। जो लोग इस पर आपत्ति उठा रहे हैं, वे अंग्रेजों के चमचे हैं।”
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार द्वारा अवैध मदरसों को बंद करने के फैसले की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, “देखिए, अवैध मदरसों को बंद करवाना चाहिए और मुझे लगता है कि ये उत्तर प्रदेश में भी सीएम योगी को जल्द ही करवाना चाहिए।”
–आईएएनएस
एनएस/डीकेपी
