मॉस्को, 13 मार्च, (आईएएनएस)। रूस ने दावा किया कि उसकी सेना ने कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेन के कब्जे में आए सबसे बड़े शहर सुदजा को फिर से अपने नियंत्रण में ले लिया है। मॉस्को का यह दावा यूक्रेन के लिए बड़ा झटका है जो युद्धविराम वार्ताओं में इस शहर का इस्तेमाल ‘मोलभाव चिप’ के रूप में करना चाहता था।
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक रूसी रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को कहा, “आक्रामक अभियानों के दौरान, उत्तरी सैन्य समूह की इकाइयों ने मेलोवॉय, पोडोल और सुदजा की बस्तियों को मुक्त करा लिया।”
अमेरिका स्थित संघर्ष निगरानी संस्थान युद्ध अध्ययन (आईएसडब्ल्यू) ने भी कहा कि जमीनी फुटेज से संकेत मिलता है कि रूसी सेना ने सुदजा पर कब्जा कर लिया है और शहर के उत्तर-पश्चिम में एक बस्ती दक्षिणी जोलेंश्कों की ओर बढ़ गई।
इस शहर पर दोबारा कब्जा रूस के लिए एक बड़ी प्रतीकात्मक जीत है। हालांकि सुदजा एक छोटी सी जगह है, जिसकी आबादी यूक्रेन के आक्रमण से पहले लगभग 5,000 लोगों की थी। यह एकमात्र आबादी वाला शहर है जो अभी भी यूक्रेन के नियंत्रण में था।
रूसी सरकारी समाचार एजेंसी तास की रिपोर्ट के अनुसार, यह घोषणा गुरुवार को अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के मॉस्को पहुंचने के बाद हुई।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने एक दिन पहले कहा था कि रूस को उम्मीद है कि अमेरिकी अधिकारी वाशिंगटन के 30 दिवसीय युद्धविराम प्रस्ताव के बारे में जानकारी देंगे। यूक्रेन इस प्रस्ताव को पहले ही स्वीकार कर चुका है।
गुरुवार को पत्रकारों के साथ नियमित बातचीत में पेस्कोव ने विश्वास व्यक्त किया कि यूक्रेन के कब्जे वाले कुर्स्क क्षेत्र के सभी हिस्से जल्द ही आजाद करा लिए जाएंगे।
इससे पहले रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने बुधवार को कुर्स्क क्षेत्र का अचानक दौरा किया। रूसी राज्य टेलीविजन द्वारा प्रसारित वीडियो में सैन्य वर्दी पहने हुए रूसी राष्ट्रपति ने अग्रिम पंक्ति के सैनिकों से कहा कि मॉस्को का लक्ष्य जल्द से जल्द कुर्स्क को ‘पूरी तरह से मुक्त’ करना है। पिछले साल यूक्रेन के अप्रत्याशित आक्रमण के बाद पश्चिमी क्षेत्र की यह उनकी पहली यात्रा थी।
पिछले साल अगस्त में हजारों यूक्रेनी सैनिकों ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र के लगभग 1,300 वर्ग (500 वर्ग मील) किलोमीटर क्षेत्र पर कब्जा कर लिया था। इस बारे में कीव का कहना था यह भविष्य की वार्ताओं में मोलभाव करने और रूस को पूर्वी यूक्रेन से हटने के लिए मजबूर करने का प्रयास था। हालांकि हाल के दिनों में रूसी सेना को इस इलाके में अहम कामयाबी हासिल हुई है।
रूसी सेना के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में तेज बढ़त की वजह से यूक्रेन के पास कुर्स्क में 200 वर्ग किमी (77 वर्ग मील) से भी कम क्षेत्र बचा है।
–आईएएनएस
एमके/