त्रिपुरा में पीएम सूर्य घर योजना के तहत 1,000 रुपए में मिलेंगे रूफटॉप सोलर पैनल

[ad_1]

202605203795698

अगरतला, 20 मई (आईएएनएस)। त्रिपुरा के बिजली मंत्री रतन लाल नाथ ने बुधवार को घोषणा की कि राज्य सरकार और त्रिपुरा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड उन उपभोक्ताओं को केवल 1,000 रुपए में रूफटॉप सोलर पैनल उपलब्ध कराएगी, जो 50 यूनिट से कम बिजली का उपयोग करते हैं। इस योजना के तहत पहले ही 1.5 लाख परिवारों की पहचान की जा चुकी है।

मंत्री ने यह घोषणा यहां गीतांजलि सरकारी गेस्ट हाउस में रूफटॉप सोलर फोटोवोल्टिक सिस्टम हैंडबुक लॉन्च करने के बाद की।

प्रधानमंत्री ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डालते हुए नाथ ने कहा कि सरकार 1 किलोवाट सोलर सिस्टम पर 33,000 रुपए, 2 किलोवाट पर 66,000 रुपए और 3 किलोवाट सिस्टम पर 85,800 रुपए की सब्सिडी दे रही है।

उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना को त्रिपुरा में तेजी से लागू किया जा रहा है। अब तक करीब 17,000 लोगों ने इस योजना के तहत पंजीकरण कराया है और लगभग 3,500 परिवारों ने रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कर लिया है।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान में हम पीएम सूर्य घर योजना के तहत 11 मेगावाट बिजली का उत्पादन कर रहे हैं। एशियन डेवलपमेंट बैंक, त्रिपुरा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड और राज्य सरकार के सहयोग से हमने 50 यूनिट से कम बिजली खपत करने वाले 1.5 लाख परिवारों की पहचान करने का नया लक्ष्य तय किया है। इन परिवारों को केवल 1,000 रुपए में 66,000 रुपए मूल्य का सोलर सिस्टम दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस पहल से राज्य में लगभग 150 मेगावाट बिजली उत्पादन होने की उम्मीद है।

मंत्री ने कहा कि हमें उम्मीद है कि अगले महीने से इस पर काम शुरू हो जाएगा। हम लाभार्थियों की पहचान बिजली उपभोक्ताओं के आधिकारिक रिकॉर्ड के आधार पर कर रहे हैं। राज्य में ऐसे करीब तीन लाख परिवार हैं, और शुरुआत में 1.5 लाख परिवारों को इस योजना में शामिल किया जाएगा।

नाथ ने आगे बताया कि जर्मनी की संस्था, त्रिपुरा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड के साथ मिलकर अधिकारियों, इंजीनियरों और विक्रेताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम के रखरखाव और मरम्मत का प्रशिक्षण दे रही है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद अंग्रेजी और बंगाली में दो हैंडबुक प्रकाशित की गई हैं, जो उपभोक्ताओं और संबंधित हितधारकों के लिए उपयोगी होंगी।

उन्होंने कहा कि पहले उपभोक्ताओं को बिजली बिल देना पड़ता था, लेकिन अब कई लोग रूफटॉप सोलर सिस्टम के जरिए बिजली सप्लाई करके पैसे कमा रहे हैं। आज लॉन्च की गई यह हैंडबुक विक्रेताओं, इंजीनियरों, बैंक अधिकारियों और उपभोक्ताओं को सिस्टम की जानकारी और रखरखाव समझने में मदद करेगी। जो लोग प्रशिक्षण में शामिल नहीं हो पाए, वे भी इन पुस्तिकाओं से लाभ उठा सकेंगे।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

[ad_2]

Related Articles

Latest News