'रोहित जरूर वापसी करेंगे': लॉर्ड्स में निर्णायक मैच से पहले मोर्केल ने अनुभवी ओपनर का समर्थन किया


लंदन, 18 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को लॉर्ड्स के मैदान पर खेले जाने वाले तीसरे वनडे मैच से पहले भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने रोहित शर्मा का समर्थन किया है। उन्होंने अनुभवी ओपनर की खराब फॉर्म से उबरने की क्षमता पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा है कि रोहित की फॉर्म को लेकर कोई चिंता या परेशानी नहीं है।

मौजूदा वनडे सीरीज में रोहित का बल्ला खामोश रहा है। वह शुरुआती दो मुकाबलों में 11 और 26 रन बना सके। रोहित ने पिछली 8 वनडे पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है। रोहित के संघर्ष को देखकर उनके वनडे भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी थीं।

हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को उन खबरों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि रविवार का मैच रोहित का आखिरी वनडे हो सकता है। सैकिया ने दोहराया कि अनुभवी ओपनर भारत की योजनाओं का अहम हिस्सा बने हुए हैं। इस फॉर्मेट से उनके संन्यास को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।

लॉर्ड्स में होने वाले निर्णायक मैच से पहले मीडिया से बात करते हुए मोर्केल ने कहा कि इंग्लैंड की मुश्किल परिस्थितियों ने टॉप-ऑर्डर के बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी की हैं और उन्हें भरोसा है कि रोहित अपनी लय वापस पा लेंगे।

मोर्केल ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, “जैसा कि मैंने पहले कहा, नई गेंद का सामना करना मुश्किल काम है। हमने पूरी सीरीज में देखा है कि गेंद स्विंग हो रही है। इसलिए शुरुआत में बल्लेबाजी करना आसान नहीं है। इसमें कोई शक नहीं कि रोहित इसका समाधान निकाल लेंगे।”

साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि रोहित का अपार अनुभव और शांत स्वभाव उन्हें भारत की बल्लेबाजी लाइन-अप का एक बेहद अहम सदस्य बनाता है। मोर्केल ने कहा, “उन्होंने पहले भी ऐसा किया है। रोहित अनुभवी हैं। जिस तरह से वह खेल रहे हैं, उसे लेकर कोई चिंता या परेशानी नहीं है।”

भारत के सबसे बेहतरीन वनडे बल्लेबाजों में से एक, रोहित ने इस फॉर्मेट में 11,700 से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल तक भारत के सफर में अहम भूमिका निभाई थी और टीम को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब भी जिताया। फिलहाल इंग्लैंड के खिलाफ तीन मुकाबलों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। ऐसे में दोनों टीमें अंतिम मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाना चाहेंगी।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News