प्रख्यात तीरंदाज रजत चौहान खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए डीजीपी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित


जयपुर, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के दिग्गज तीरंदाज रजत चौहान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा द्वारा डीजीपी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है।

राजस्थान पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के रूप में कार्यरत रजत, बल के सबसे कुशल खिलाड़ियों में से एक के रूप में उभरे हैं, जिन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और पुलिस विभाग दोनों का प्रतिनिधित्व किया है।

उन्होंने कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि मेरे विभाग ने मुझे सम्मानित किया है। मैं खेलों में अपने प्रदर्शन से अपने विभाग को गौरवान्वित करता रहूंगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान पुलिस को और अधिक पहचान दिलाऊंगा।”

उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों में 19वें एशियाई खेल 2023 में भागीदारी शामिल है। उन्होंने विश्व कप 2022 में दो स्वर्ण पदक भी जीते। अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए रजत ने विश्व पुलिस खेल 2023 में दो स्वर्ण पदक और एक रजत पदक जीता।

इसके अलावा, उन्होंने 2023 विश्व कप में भाग लिया और सराहनीय प्रदर्शन किया। हाल ही में, एशिया तीरंदाजी कप 2026 में रजत ने एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीतकर अपने पदकों की संख्या में इजाफा किया, जिससे भारत ने दो स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य सहित रिकॉर्ड 10 पदक जीते।

इस दिग्गज तीरंदाज ने इससे पहले 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में कंपाउंड तीरंदाजी को शामिल किए जाने पर खुशी जाहिर की थी। रजत, जो हमेशा से ओलंपिक पदक का सपना देखते थे, ने 2016 में अपनी दाहिनी बांह पर ओलंपिक के पांचों प्रतिष्ठित छल्लों का टैटू भी बनवाया था।

रजत ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यह पूरे भारत के लिए गर्व का क्षण है क्योंकि कंपाउंड तीरंदाजी टीम को आखिरकार खुद को साबित करने का मौका मिला है। मैंने 2016 में ओलंपिक टैटू बनवाया था और अब मैं पूरी रात सो नहीं पाया हूँ, मैं बहुत उत्साहित हूं।

–आईएएनएस

एसएके/पीएम


Related Articles

Latest News