मुंबई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। मशहूर निर्देशक इम्तियाज अली, संगीतकार एआर रहमान और गीतकार इरशाद कामिल फिर से ‘मैं वापस आऊंगा’ फिल्म में जलवा बिखेरने को तैयार हैं। मंगलवार को फिल्म के मेकर्स ने नए गाने ‘क्या कमाल है’ का बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो जारी किया।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट वीडियो में गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ को स्टूडियो में गाना गाते देखा जा सकता है। साथ ही, ऑस्कर विजेता एआर रहमान धुन तैयार कर रहे हैं। गाने की शुरुआती पंक्तियां इतनी सुकून देने वाली हैं कि वे सीधे सुनने वाले के दिल में उतर जाती हैं। यह ‘अमर सिंह चमकीला’ की शानदार सफलता के बाद रहमान और दिलजीत की दूसरी बड़ी साझेदारी है, जिसे लेकर संगीत प्रेमी बेहद उत्साहित हैं।
इस वीडियो ने इंटरनेट पर आते ही हलचल मचा दी है। इसमें प्रशंसकों को उस रचनात्मक प्रक्रिया की झलक मिल रही है।
वीडियो जारी कर मेकर्स ने लिखा, “दो साल पहले ‘अमर सिंह चमकीला’ के साथ इन्होंने जादू कर दिया था। इस बैसाखी पर एआर रहमान, दिलजीत दोसांझ, इम्तियाज अली और इरशाद कामिल फिर से साथ आ रहे हैं, अपनी आने वाली फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के एक और शानदार गाने के साथ। ‘क्या कमाल है’ एक उम्मीद से भरा गाना है, जो आज के शोर-शराबे के बीच एक सुकून देता है। यह उस प्यार से प्रेरित है, जो बंटवारे के समय सबकुछ खो जाने के बाद भी खत्म नहीं हुआ। यह उसके बनने की एक झलक है। ‘क्या कमाल है’ गाना जल्द ही रिलीज होगा।”
हालांकि, गाना ‘क्या कमाल है’ अभी तक रिलीज नहीं हुआ है, लेकिन फैंस की उत्सुकता को बढ़ाने के लिए मेकर्स ने बीटीएस वीडियो जारी किया है।
इम्तियाज अली द्वारा निर्देशित फिल्म में दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा, इसमें नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी वाघ भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।
फिल्म में संगीत एआर रहमान और गीत इरशाद कामिल के हैं। वहीं, समीर नायर, दीपक सेगल, मोहित चौधरी और शिवाशीष सरकार ने मिलकर इसका निर्माण किया है। यह फिल्म एक भावनात्मक कहानी लेकर आ रही है, जिसे दर्शक 12 जून से सिनेमाघरों में देख सकेंगे।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम
