केरल चुनाव: प्रधानमंत्री मोदी की रैली को लेकर पलक्कड़ की जनता बोली- उनसे हमें बहुत उम्मीदें


तिरुवनंतपुरम, 29 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केरल दौरे को लेकर उनके समर्थकों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। वे रविवार शाम को केरल के पल्लकड़ और त्रिशूर में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली रैली पल्लकड़ में होगी। इस रैली को लेकर एक स्थानीय व्यक्ति ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “हम सभी वर्ल्ड लीडर पीएम नरेंद्र मोदी के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वे जल्द पलक्कड़ पहुंचने वाले हैं। हमें उनसे बहुत उम्मीदें हैं और वे केरल के लिए सब कुछ कर सकते हैं।”

एक अन्य स्थानीय व्यक्ति ने कहा, “हाल के चुनावों में भाजपा ने लगातार प्रगति की है और केरल में सबसे मजबूत पार्टी के तौर पर उभर रही है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पूरे राज्य में लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।”

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केरल के लोगों के बीच रहने का बेसब्री से इंतजार है। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आज शाम केरल के लोगों के बीच रहने का बेसब्री से इंतजार है। मैं पलक्कड़ में एक रैली को संबोधित करूंगा और उसके बाद त्रिशूर में एक रोड शो में हिस्सा लूंगा। केरल में आम माहौल एनडीए के पक्ष में है। लोग एलडीएफ और यूडीएफ के कुशासन से नाखुश हैं।”

बता दें कि केरल में भारतीय जनता पार्टी स्थानीय पार्टी बीडीजेएस के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। एनडीए के अन्य घटक दलों में क्षेत्रीय पार्टी ट्वेंटी-20, लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी), शिवसेना और कॉनराड संगमा के नेतृत्व वाली नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) भी शामिल है।

राज्य में त्रिकोणीय मुकाबला है, जिसमें एलडीएफ, यूडीएफ और एनडीए आमने-सामने हैं। माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ के सामने सत्ता को बरकरार रखने की चुनौती है, जबकि कांग्रेस नीत यूडीएफ वापसी की कोशिश में है और भाजपा नीत एनडीए को बड़ी सफलता की उम्मीद है।

केरल विधानसभा के 140 सदस्यों के चुनाव के लिए 9 अप्रैल को केरल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वोटों की गिनती और परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।

इस बार केरल विधानसभा चुनाव में कुल 890 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, केरल चुनाव में 2.71 करोड़ मतदाता अपना वोट डालने के पात्र हैं।

–आईएएनएस

डीसीएच/


Related Articles

Latest News