चंडीगढ़, 3 जून (आईएएनएस)। किसी सरकारी संस्थान के साथ जुड़कर पेशेवर करियर की शुरुआत करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने विभिन्न ट्रेडों में एक वर्ष की अवधि के लिए अप्रेंटिस के अलग-अलग कुल 20 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
यह नियुक्ति वर्ष 2026-27 के लिए ओ एंड एम डिवीजन, बीबीएमबी, जमालपुर (लुधियाना) के अधीन की जाएगी।
बीएमबी की ओर से जारी 20 रिक्तियों में लाइनमैन के 15, इलेक्ट्रीशियन के 3 और माली के 2 पद शामिल हैं। इन सभी वैकेंसी के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 20 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 11 जून तय की गई है।
जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनएपीएस के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आईटीआई ट्रेड अप्रेंटिस (लाइनमैन और इलेक्ट्रीशियन) पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा की परीक्षा न्यूनतम 40 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। इसके साथ ही कैंडिडेट के पास संबंधित ट्रेड में राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद/राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद द्वारा जारी अधिसूचित ट्रेड का राष्ट्रीय ट्रेड प्रमाणपत्र होना चाहिए। आवेदकों ने संबंधित आईटीआई पाठ्यक्रम पूरा किया होना चाहिए।
गैर-आईटीआई ट्रेड अप्रेंटिस (माली) पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से आठवीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा। वहीं, आवेदकों की न्यूनतम और अधिकतम आयु, शिक्षुता अधिनियम 1961 और समय-समय पर इसके संशोधनों के अनुसार होगी। हालांकि, जारी नोटिफिकेशन में आयु सीमा की जानकारी नहीं दी गई है।
–आईएएनएस
डीके/एबीएम
