लखनऊ में अक्षय तृतीया पर 250 करोड़ का रिकॉर्ड कारोबार, 55 करोड़ के गहने बिके

सोने व चांदी की कीमतें बढ़ने के बाद भी अक्षय तृतीया के दिन राजधानी में कुल 49 करोड़ का सोना बिक गया।इसमें 27 किलो सोना परंपरागत सराफा कारोबारियों ने बेचा तो तीन किलो सोना बड़ी कंपनियों के शोरूम से बिका। वहीं सवा दो सौ किलो चांदी, जिसकी कीमत करीब छह करोड़ थी, वह देर शाम तक बिक गई।

इससे यह बात तो स्पष्ट हो गई कि सोना व चांदी की कीमतें बढ़ने के बाद भी खरीदारों की कमी नहीं है। व्यापारियों के मुताबिक अक्षय तृतीया के दिन 49 करोड़ का सोना आज तक नहीं बिका। इसके पीछे सोने की बढ़ती कीमतें ही कारण हैं।

अगर सभी सेक्टरों को मिला लिया जाए तो 250 करोड़ के कारोबार का अनुमान है। सामान्य दिनों में एक हजार (दो व चार पहिया मिलाकर) बिकते हैं। अक्षय तृतीया के दिन चार हजार से अधिक वाहन बिकने का अनुमान लगाया जा रहा है। सबसे अधिक दो पहिया वाहन बिके।

सहालग का भी बाजार में असर

अमीनाबाद, पत्रकारपुरम, भूतनाथ, गणेशगंज कपड़ा बाजार में कपड़ों की भी खरीदारी हुई। श्रीराम रोड और स्वदेशी मार्केट के महामंत्री और कपड़ा कारोबारी प्रभू जालान ने बताया कि अक्षय तृतीया के साथ ही सहालग का सीजन शुरू हो जाने से भी बाजार गुलजार है और अभी रहेगा।

उनके मुताबिक रेडीमेड कपड़ों के साथ ही साड़ियों की डिमांड भी बाजार में बनी हुई है। लहंगा पंद्रह हजार से लेकर एक लाख रुपये तक शादियों के सीजन में बिक रहे हैं। कपड़ा, साड़ी, लहंगा, चादर, पर्दा समेत अनेक ब्रांडेड आइटम पर पूर्व की तरह इस बार भी छूट दी गई है।

चौक सराफा एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदीश जैन ने बताया कि सोने के दाम 1,58,200 रुपये प्रति दस ग्राम चौबीस कैरेट थे और 22 कैरेट के दाम 1,46,100 रुपये प्रति दस ग्राम रहा। अक्षय तृतीया के दिन लोगों ने ज्वैलरी तो कुछ लोगों ने सिक्कों में निवेश करना उचित समझा।

वहीं बाजार में सहालग के ग्राहक भी रहने से देर रात तक बाजारों में भीड़ रही। जैन कहते हैं कि सुबह से शाम पांच बजे तक सन्नाटे जैसी स्थिति बाजार में थी, फिर शाम छह बजे से भीड़ बढ़नी शुरू हुई जो देर रात दस बजे तक बनी रही। उनके मुताबिक 22 व 18 कैरेट सोने के आभूषण ज्यादा बिके।

खास बात रही चांदी जो दो लाख छप्पन हजार रुपये प्रति किलो थी, वह भी खूब बिकी। करीब पांच करोड़ अस्सी लाख की चांदी लोगों ने खरीद ली। इनमें सिक्कों के साथ ही महिलाओं ने चांदी के बर्तन, पायल, बिछिया, गुच्छा, कमर पेटी खरीदने में रुचि दिखाई। इसके अलावा कपड़ा, वाहन और इलेक्ट्रानिक्स बाजार में भी भीड़ रही।

Related Articles

Latest News