मध्य प्रदेश: यूसीसी बिल को लेकर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया, बोले- वर्तमान और भविष्य के लिए यूसीसी बहुत जरूरी


भोपाल, 20 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार ने यूसीसी ड्राफ्ट को मंजूरी दे दी है। जिसको लेकर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई हैं।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने यूसीसी को लेकर कहा कि यूसीसी का विरोध करने वाले जनता की नजरों से उतर जाएंगे। भाजपा की सरकार में सभी मुद्दों का समाधान हो रहा है। किसानों को लेकर उन्होंने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए भाजपा सरकार ने काम किया है। चाहे सिंचाई, बीज-खाद की व्यवस्था और फसल बीमा योजना के माध्यम से जल्द ही 1400 करोड़ रुपए किसानों के बैंक खातों में भेजने की तैयारी है। ऐसे में किसान के लिए खेती से लाभ हो इसके लिए भाजपा सरकार काम कर रही है।

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि वर्तमान और भविष्य के लिए यूसीसी बहुत जरूरी है। यूसीसी को लागू करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि आज सरकार यूसीसी बिल विधानसभा में लेकर आएगी और पास भी किया जाएगा। कांग्रेस इस बिल का इसलिए विरोध कर रही है, क्योंकि वह हलाला जैसी कुप्रथाओं को बढ़ावा देना चाहती है। मुस्लिम महिलाओं के साथ कांग्रेस भेदभाव करना चाहती है। उन्होंने कहा कि आज हम डंके की चोट पर कह रहे हैं कि हलाला जैसी कुप्रथा देश में नहीं चलेगी। मुस्लिम बहन-बेटियों को भी सम्मान की जिंदगी जीने का हक और अधिकार है। दो-दो, चार-चार शादी करने वाले लोगों को कान खोलकर सुन लेना चाहिए कि उनको जेल में जाना होगा।

भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय ने कहा कि यह समानता का कानून है और लोकतंत्र में समानता हमेशा स्वीकार्य होनी चाहिए। अगर कांग्रेस की ओर से यूसीसी का विरोध किया जाता है तो इसका मतलब है कि वे मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों का विरोध कर रहे हैं। यूसीसी के लागू हो जाने पर मुस्लिम महिलाओं को अन्य तरह के तलाक से छुटकारा मिल जाएगा।

–आईएएनएस

एसडी/पीएम


Related Articles

Latest News