राष्ट्रपति मुर्मु और उपराष्ट्रपति ने चैत्र शुक्लादि, उगादी और गुड़ी पड़वा पर्वों पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। देशभर में नववर्ष और आस्था के कई पर्वों का उल्लास एक साथ देखने को मिल रहा है। गुरुवार को चैत्र शुक्लादि, उगादी, गुड़ी पड़वा, चेती चांद, नवरेह और साजिबु चेरोबा जैसे पर्व मनाए जा रहे हैं। इस शुभ अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने देशवासियों को बधाई देते हुए सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा की कामना की है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “चैत्र शुक्लादि, उगादी, गुड़ी पड़वा, चेती-चांद, नवरेह और साजिबु-चेरोबा के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को मैं हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। देश के विभिन्न क्षेत्रों में नववर्ष के आगमन के स्वागत में मनाए जाने वाले ये उत्सव भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता के उल्लासपूर्ण प्रतीक हैं। मेरी मंगलकामना है कि ये सुखद पर्व सभी के जीवन में समृद्धि और नई आशाओं का संचार करें।”

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पोस्ट किया, “नव संवत्सर, चैत्र शुक्लादि, उगादी, गुड़ी पड़वा, चेती-चांद, नवरेह, साजिबु-चेरोबा और चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ के शुभ अवसर पर मैं सभी देशवासियों को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”

उन्होंने आगे लिखा, “हमारे देश के विभिन्न हिस्सों में मनाए जाने वाले ये त्योहार पारंपरिक नव वर्ष की शुरुआत का प्रतीक हैं, वसंत ऋतु के आगमन की घोषणा करते हैं, और नवीनीकरण तथा नई शुरुआत की भावना को दर्शाते हैं, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ‘विविधता में एकता’ की भावना को परिलक्षित करते हैं। कामना है कि ये आनंदमय अवसर सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई आशा का संचार करें।”

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग पोस्ट में उत्सवों को लेकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नवरात्रि को लेकर लिखा, “देशभर के मेरे परिवारजनों को नवरात्रि की हार्दिक मंगलकामनाएं। शक्ति की आराधना का यह दिव्य अवसर आप सभी के लिए सुख, सौभाग्य, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। शक्तिस्वरूपा मां दुर्गा की असीम कृपा से सबका कल्याण हो, जिससे विकसित भारत के हमारे संकल्प को भी नई ऊर्जा मिले। जय अंबे जगदंबे मां।”

पीएम मोदी ने गुड़ी पड़वा की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह सुंदर त्योहार नए वर्ष के आगमन का प्रतीक है, जो अपने साथ नई ऊर्जा, आशा और नए अवसरों का संदेश लेकर आता है। कामना है कि आने वाला वर्ष आप सभी के लिए खुशियों, सफलता और उत्तम स्वास्थ्य से भरा हो। यह हममें से हर किसी को अटूट दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने, अपनी आकांक्षाओं को संवारने और सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करे।”

–आईएएनएस

डीसीएच/


Related Articles

Latest News