Monday, February 16, 2026

राबड़ी देवी के लीपापोती वाले बयान पर बोले रामकृपाल यादव, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा


पटना, 5 फरवरी (आईएएनएस)। पटना नीट छात्रा की मौत के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने गुरुवार को कहा कि इस मामले की लीपापोती की जा रही है और अब जांच सीबीआई को सौंपी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में कोई मंत्री या मंत्री पुत्र शामिल है। इसी कारण सरकार उसे बचाने में जुटी हुई है। पूर्व सीएम के इस आरोप पर बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

पटना में बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि नीट छात्र की मौत के मामले में किसी भी तरह से लीपापोती नहीं की जा रही है। हम चाहते हैं कि पीड़िता और उसके परिजनों को न्याय मिले। दूध का दूध और पानी का पानी होकर रहेगा। सरकार हर स्तर पर कार्रवाई कर रही है।

तमिलनाडु सरकार में मंत्री एमआरके पन्नीरसेल्वम द्वारा उत्तर भारत के लोगों पर दिए गए बयान पर रामकृपाल यादव ने कहा कि बिहार के लोगों के लिए भद्दी टिप्पणी करना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति इस तरह की टिप्पणी कर रहे हैं, इसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। हम मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि उन्हें हटाया जाए और वह अपने बयान के लिए जल्द से जल्द माफी मांगें।

बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने पूर्व सीएम राबड़ी देवी के ‘लीपापोती’ वाले बयान पर कहा कि बिहार में कानून का राज है। जिस तरह से एसआईटी ने जांच की है और आने वाले समय में सीबीआई जांच करेगी, शक के आधार पर कुछ भी बोलना सही नहीं है। जांच दल को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। जो भी अपराधी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ठंडे बस्ते में रखे हुए लोग हैं, हर तरफ से फेल हैं। पटना और दरभंगा के एयरपोर्ट उन्हें दिखाई नहीं देते, पांच मेडिकल कॉलेज बनाए जाने जा रहे हैं, वह भी उन्हें दिखाई नहीं देता। सड़कों की स्थिति और बिहार तेज गति से विकास का मॉडल बन चुका है। यह सब उन्हें दिखाई नहीं देता है।

दिलीप जायसवाल ने तमिलनाडु सरकार के मंत्री के बयान पर कहा कि यह सब पागलपन है। इस तरह की भाषा का इस्तेमाल जो भी नेता करते हैं, मैं समझता हूं कि वे दिमागी तौर पर संतुलन खो चुके हैं, और जो संतुलन खो देते हैं वे इस तरह की भाषा का प्रयोग करते हैं।

–आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News