'राख' में सीरियल किलर का रोल निभाने वाले रामदीप यादव ने कहा- 'हर बुरे किरदार के पीछे भी एक वजह'


मुंबई, 25 जून (आईएएनएस)। इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म पर क्राइम और थ्रिलर कहानियों का चलन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसी ही एक नई वेब सीरीज ‘राख’ लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। इसमें अहम किरदार निभा रहे अभिनेता रामदीप यादव ने अपने रोल को लेकर आईएएनएस से बात की।

उन्होंने बताया कि उनका किरदार सिर्फ डराने वाला नहीं है, बल्कि उसके पीछे एक लंबी कहानी और सोच भी छिपी है।

आईएएनएस से बातचीत में रामदीप यादव ने कहा, ”मैं सीरीज में रज्जो नामक व्यक्ति का किरदार निभा रहा हूं, जो एक सीरियल किलर है। यह किरदार एक जैसा नहीं है। यह धीरे-धीरे बदलता है और आगे बढ़ता है, जबकि सीरीज में एक दूसरा किरदार ज्यादा तेज और तुरंत हिंसा करने वाला दिखाया गया है। मेरे और उस किरदार में बड़ा फर्क है।”

जब आईएएनएस ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने किरदार में गुस्सा और हिंसा को बिना सोचे-समझे दिखाया, तो उन्होंने कहा, ”ऐसा नहीं है। एक कलाकार सिर्फ बाहर से देखकर किरदार नहीं निभाता। उसे हर बात को समझना पड़ता है। बाहर से देखने पर लग सकता है कि किरदार बिना सोचे काम कर रहा है, लेकिन असल में हर सीन के पीछे एक सोच होती है। चाहे किरदार कितना भी बुरा क्यों न हो, उसके पीछे कोई न कोई वजह जरूर होती है।”

रामदीप यादव ने अपने किरदार के बारे में बताया, ”मेरा किरदार हरियाणा से आता है और उसका जीवन काफी मुश्किलों में बीता है। उसने अपने जीवन में कई परेशानियां देखी हैं। आपातकाल के समय उसके जीवन पर बड़ा असर पड़ता है और वह नशे की लत में फंस जाता है। इन सब चीजों ने उसके सोचने और जीने के तरीके को बदल दिया। इसी वजह से मेरा किरदार ऐसा बन गया।”

वेब सीरीज ‘राख’ एक क्राइम और थ्रिलर कहानी है, जो 1970 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसकी कहानी एक असल घटना से प्रेरित बताई जाती है, जिसमें बच्चों के अपहरण और हत्या का मामला था, जिसे सुलझाने के लिए पुलिस और जांच एजेंसियों की टीम जुट जाती है।

इस सीरीज में अली फजल, सोनाली बेंद्रे, प्रोसित रॉय, अनुषा नंदकुमार, आमिर बशीर और संदीप साकेत जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।

यह सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Related Articles

Latest News