चेन्नई, 26 मार्च (आईएएनएस)। आज क्रेडिट कार्ड, लोन और ईएमआई से लोग अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश करते हैं, लेकिन कई बार वे इनकी वजह से धोखाधड़ी के जाल में भी फंस जाते हैं, जिसका असर उनकी पूरी जिंदगी पर पड़ता है। इसी गंभीर मुद्दे को निर्देशक राम चक्री ने अपनी आने वाली फिल्म ‘कारमेनी सेल्वम’ के जरिए उठाने की कोशिश की है।
एक कार्यक्रम में राम चक्री ने अपनी फिल्म पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ”लोग कई बार ऐसे हालात में फंस जाते हैं, जहां उन्हें कर्ज चुकाने के लिए अपने पसंदीदा काम को छोड़कर कुछ और करना पड़ता है। जब कोई व्यक्ति अपने सपनों को छोड़कर मजबूरी में काम करता है तो वह असल में अपने सपनों को गिरवी रख देता है। मेरी यह फिल्म लोगों को सोचने पर मजबूर करेगी कि आर्थिक फैसले कितने महत्वपूर्ण होते हैं।”
उन्होंने कहा, ”मेरी दिल से इच्छा है कि जो लोग आर्थिक दबाव में जी रहे हैं, वे इस स्थिति से बाहर निकलें और एक संतोषजनक जीवन जिएं। फिल्म दर्शकों को अपने जीवन में बेहतर फैसले लेने की प्रेरणा दे। फिल्म में दिखाए गए हालात आज के समाज की सच्चाई से जुड़े हुए हैं।”
इस मौके पर निर्देशक ने अपने नाम बदलने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा, ”मैंने अपनी पहली फिल्म ‘खुरई ओन्नुम इला’ कार्तिक रवि नाम से बनाई थी, लेकिन इंडस्ट्री में इस नाम के कई लोग हैं। ऐसे में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए मैंने नाम बदलकर राम चक्री रख लिया। यह बदलाव उनके करियर के लिए जरूरी था।”
फिल्म में समुथिरकानी और गौतम वासुदेव मेनन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा, लक्ष्मी प्रिया चंद्रमौली भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रही हैं। फिल्म का निर्माण पाथवे प्रोडक्शन ने किया है।
फिल्म का टीजर पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। टीजर में समाज की उस सोच को दर्शाया गया है, जिसमें सफलता को अक्सर पैसे से जोड़ा जाता है। दर्शक फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
–आईएएनएस
पीके/डीकेपी
