मुंबई, 19 मई (आईएएनएस)। अभिनेता अनुपम खेर का हिंदी म्यूजिकल कॉमेडी-ड्रामा थिएटर नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’ दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। नाटक देखने के लिए मशहूर अभिनेता राजपाल यादव भी पहुंचे, जहां उन्होंने अनुपम खेर समेत पूरी स्टारकास्ट की जमकर तारीफ की।
मंगलवार को अभिनेता अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर राजपाल यादव का वीडियो शेयर कर उनका दिल से आभार व्यक्त किया। राजपाल ने नाटक की तुलना आम जिंदगी से करते हुए कहा, “असल में, यह हर घर की कहानी है। आप चाहे जीवन में कितना भी पैसा कमा लें या जिंदगी के किसी भी मुकाम पर पहुंच जाएं, लेकिन अंत में एक-दूसरे का सहारा और आपसी तालमेल ही साथ देता है।”
राजपाल यादव ने नाटक के मुख्य कलाकारों की तारीफ करते हुए कहा, “अनुपम खेर ने बेहद शानदार काम किया है। स्वरूप जी का अभिनय भी कमाल का था। मेघना तो हमारी बैचमेट रह चुकी हैं, वे प्रतिभा का खजाना हैं। इसके अलावा जितने भी सह-कलाकार हैं, उन सभी ने बहुत ही उम्दा काम किया है। इन सबने मिलकर जिंदगी की बिल्कुल सच्ची तस्वीर को मंच पर जीवंत कर दिया है। मेरा मानना है कि पूरी दुनिया को यह नाटक जरूर देखना चाहिए।”
बातचीत के दौरान राजपाल यादव ने अनुपम खेर के अनूठे अंदाज और उनके लुक पर कहा, “अक्सर लोग अनुपम दा के सिर पर बाल न होने को लेकर बातें करते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि अगर बाल खुद किसी के सिर को छूते होंगे, तो उन्हें इस बात का अफसोस होता होगा कि वे अनुपम दा के सिर पर क्यों नहीं हैं। अनुपम दा को ढेर सारा प्यार। आप एक लंबी और स्वस्थ जिंदगी जिएं। आपके भीतर अभी बहुत सारा अभिनय और काम बाकी है, जिसे दुनिया को देखना है। हम सभी को आप पर बहुत गर्व है।”
राजपाल यादव का वीडियो पोस्ट करते हुए अनुपम खेर ने लिखा, “मेरे प्रिय मित्र राजपाल! हमारे नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’ के बारे में इतनी खूबसूरत बातें कहने के लिए आपका दिल से धन्यवाद। आपकी सराहना हमारे लिए बहुत मायने रखती है। यह जानकर बेहद खुशी हुई कि हमारा नाटक आपको हंसाने के साथ-साथ भावुक भी कर गया, जैसा आपने खुद कहा। एक कलाकार के लिए इससे बड़ा पुरस्कार और क्या हो सकता है।”
उन्होंने आगे लिखा, “ईश्वर आपको हमेशा खुश और स्वस्थ रखे तथा इसी तरह लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने की ताकत देता रहे। धन्यवाद।”
–आईएएनएस
एनएस/एएस
