कानपुर और लखनऊ में दर्जनभर डेयरियों पर की छापेमारी,मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य विभाग का एक्शन

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन दुग्ध उत्पादों वाली इकाइयों पर लगातार छापेमारी कर रहा है। शुक्रवार रात कानपुर एवं लखनऊ मंडल की कई इकाइयों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने देर रात तक मानकों की जांच पड़ताल करते हुए बड़ी संख्या में सैंपल भरे।

दूध के स्टोरेज, साफ सफाई एवं उत्पाद बनाने की प्रक्रिया की कई मानकों पर जांच की गई। हर टीम के साथ दो जिला स्तरीय अधिकारी भी रहे। दो दिन पहले नौ इकाइयों के लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही सहारनपुर के सहायक आयुक्त खाद्य मनोज कुमार वर्मा और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनंजय शुक्ला को मुख्यालय से सम्बद्ध किया गया, जबकि खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमनपाल को निलंबित किया गया है।

वहीं, बाराबंकी की स्वदेश डेयरी पर सैंपलिंग हुई। लखनऊ में ज्ञान ब्रांड की कुर्सी रोड स्थित दोनोें इकाइयों पर छापेमारी की गई। लखनऊ में अमूल प्लांट पर भी टीम ने घंटों डेरा डालकर गहनता से पड़ताल की। टीम ने दूध की खरीद का रिकॉर्ड खंगाला।खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर शुक्रवार को कानपुर जिले की टेस्टी डेयरी, भोले बाबा डेयरी, नमस्ते इंडिया डेयरी एवं स्वर्ण मिल्क समेत सात इकाइयों पर देर रात तक जांच पड़ताल की गई।स्टोरेज की प्रकिया देखी। इकाइयों से यह भी पूछा गया कि खराब गुणवत्ता वाले दूध की सूचना विभाग को कब-कब दी गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में दूध का वास्तविक उत्पादन और बाजार में पहुंची मात्रा की जानकारी के जरिए मिलावट का हिसाब भी जुटाया जा रहा है।

पिछले दिनों बुलंदशहर की 35 इकाइयों से 112 सैंपल लेने के साथ ही 503 मीट्रिक टन दूध एवं उत्पाद जब्त किए गए।

Related Articles

Latest News