नई दिल्ली, 9 दिसंबर (आईएएनएस)। पंजाब से भाजपा नेता अनिल सरीन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे बताएं कि क्या कांग्रेस में 500 करोड़ रुपए लेकर सीएम पद बेचा जाता है।
अनिल सरीन का यह बयान उस वक्त आया है, जब नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में सीएम पद पाने के लिए 500 करोड़ रुपए की अटैची लेकर नेता तैयार रहते हैं।
भाजपा नेता ने चंडीगढ़ में आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि सब जानते हैं कि कांग्रेस कैसे काम करती है। हम कह सकते हैं कि अब राज खुल गया है। यह सब जानते हैं कि उनके मुख्यमंत्री कैसे चुने जाते हैं, टिकट बेचे जाते हैं, मुख्यमंत्री का पद बेचा जाता है, और यहां तक कि मंत्री पद भी बेचे जाते हैं। कांग्रेस भ्रष्टाचार का दूसरा नाम है, और यह शुरू से ही घोटालों में फंसी हुई है। यह कोई नया घोटाला नहीं है। हालांकि, यह मामला इसलिए सामने आया क्योंकि एक पूर्व कांग्रेस विधायक और एक पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष की पत्नी ने सार्वजनिक रूप से खुलासा किया कि जो भी 500 करोड़ रुपए देगा, उसे मुख्यमंत्री का पद मिलेगा।
अनिल सरीन ने नवजोत कौर सिद्धू के बयान पर कहा कि यह कांग्रेस का अंदरुनी मामला तब तक था, जब तक यह अंदर खाते में था। जब यह पब्लिक डोमेन में आ जाए, तो कांग्रेस आलाकमान को स्पष्टीकरण देना चाहिए और स्वयं राहुल गांधी को स्पष्टीकरण देना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस का मतलब राहुल गांधी और सोनिया गांधी है। उन्हें बताना चाहिए कि 500 करोड़ रुपए किसके खाते में जा रहे थे।
जीएसटी रिफंड पर अनिल सरीन ने कहा कि पिछले छह महीनों से पंजाब में व्यापारियों को उनका जीएसटी रिफंड नहीं मिल रहा है। केंद्र से रिफंड रेगुलर आ रहा है, लेकिन पंजाब जीएसटी के तहत रिफंड छह महीनों से प्रोसेस नहीं हुआ है। सरकार से बार-बार अपील करने के बावजूद कुछ नहीं किया गया है। अगर सरकार व्यापारियों की पूंजी रोक देगी तो वे अपना बिजनेस कैसे चलाएंगे? पंजाब सरकार ने 1,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का रिफंड रोक रखा है। उनके पास अपने प्रोजेक्ट्स, पब्लिसिटी स्टंट और अरविंद केजरीवाल को हेलीकॉप्टर में घुमाने के लिए पैसे हैं, लेकिन मई से जीएसटी के तहत व्यापारियों को जो रिफंड ऑटोमैटिकली मिलना चाहिए था, उसे रोक दिया गया है।
–आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी
