राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल में 'अराजकतावादी नंबर 1' बनने की होड़ : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष

[ad_1]

202608033890644

नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा मंगलवार को सौ लोगों के साथ प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकालने की घोषणा, उनके और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच देश का नंबर-1 ‘अराजकतावादी’ बनने की होड़ का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि जब से राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन किया है, तब से अरविंद केजरीवाल इस तरह की राजनीति में खुद को पीछे महसूस कर रहे हैं। इसी कमी को पूरा करने के लिए केजरीवाल ने अब एथेनॉल के मुद्दे पर बिना अनुमति लिए मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकालने का ऐलान किया है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पहले अव्यवस्था फैलाना और फिर खुद को पीड़ित दिखाना, केजरीवाल की पुरानी राजनीतिक शैली रही है। मंगलवार को जब पुलिस उन्हें बिना अनुमति प्रधानमंत्री आवास तक जाने से रोकेगी, तो केजरीवाल फिर से पीड़ित होने का दावा करेंगे और कहेंगे कि सरकार ने उनसे बात तक नहीं की।

मल्होत्रा ने आगे कहा कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के मुद्दे पर केजरीवाल और कांग्रेस दोनों की सच्चाई सामने आ चुकी है। एथेनॉल का उपयोग समय की जरूरत है, क्योंकि इससे न केवल वायु प्रदूषण कम होता है, बल्कि किसानों की आय भी बढ़ती है और देश का काफी विदेशी मुद्रा भी बचता है।

उन्होंने केजरीवाल और राहुल गांधी से आग्रह किया कि वे 11 अगस्त 2005 को संसद में तत्कालीन कांग्रेस मंत्री मणिशंकर अय्यर द्वारा दिए गए बयान को सुनें, जिसमें उन्होंने साफ कहा था कि पेट्रोल में एथेनॉल मिलाना देशहित में है और सरकार इसे लागू करेगी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर लोगों को गुमराह करने के बजाय केजरीवाल और कांग्रेस को देश के सामने 100 ऐसे वाहन पेश करने चाहिए, जिनके साथ किसी योग्य ऑटोमोबाइल इंजीनियर का प्रमाणपत्र हो कि वाहन को एथेनॉल के कारण नुकसान हुआ है।

–आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

[ad_2]

Related Articles

Latest News