पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया


चंडीगढ़, 4 फरवरी (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने विदेश से रैकेट चला रहे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के तीन गुर्गों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज चंडीगढ़ गोलीबारी मामले को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को यहां बताया कि एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ एक संयुक्त अभियान में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से तीनों काे गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतपाल सिंह, कमलप्रीत सिंह और प्रेम सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास है और उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जानकारी के मुताबिक, 19 जनवरी को चंडीगढ़ के सेक्टर-5 स्थित एक कारोबारी के घर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी थी।

डीजीपी यादव ने कहा कि एडीजीपी प्रोमोद बान के नेतृत्व में एजीटीएफ पंजाब के इनपुट पर कार्रवाई करते हुए एआईजी संदीप गोयल की देखरेख में पुलिस टीमों ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त रूप से उन्हें बिहार से उत्तर प्रदेश के रास्ते पर ट्रैक किया और गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया।

–आईएएनएस

एकेजे/


Related Articles

Latest News