चंडीगढ़, 19 फरवरी (आईएएनएस)। पंजाब में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ को नई ताकत मिली है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर पुलिस ने ड्रग तस्करी पर कड़ा प्रहार जारी रखा है।
इसी कड़ी में पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को जालंधर में नई अल्ट्रा-मॉडर्न एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) जालंधर रेंज भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर स्पेशल डीजीपी एएनटीएफ कुलदीप सिंह, एडीजीपी एएनटीएफ नीलाभ किशोर और एडीजीपी स्टेट आर्म्ड पुलिस एमएफ फारूकी भी मौजूद थे।
लगभग 9000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैला यह भवन 1.60 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया है। यह आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिसमें गजेटेड अधिकारियों के लिए विशेष कार्यालय, जांचकर्ताओं और सहायक कर्मचारियों के लिए केबिन, रीडर्स रूम और एक आधुनिक बैठक कक्ष शामिल हैं। यह भवन रेंज की क्षमता बढ़ाने और ड्रग तस्करी से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए बनाया गया है।
महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि यह सुविधा बड़े ड्रग तस्करों को निशाना बनाने और राज्य में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए नवीनतम उपकरणों से सुसज्जित है। यहां मोबाइल और कंप्यूटर फोरेंसिक उपकरण, उन्नत डेटा विश्लेषण प्रणाली, फोरेंसिक डेटा निकालने, डिक्रिप्शन और विश्लेषण की क्षमता, तकनीकी निगरानी और क्रिप्टोकरेंसी ट्रैकिंग के उपकरण मौजूद हैं।
उन्होंने बताया कि एएनटीएफ ने पंजाब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम (पीएआईएस 2.0) से अपनी तकनीकी क्षमता को और मजबूत किया है, जिसमें अपराधियों की 70 हजार से ज्यादा आवाजों का डेटाबेस है और आवाज विश्लेषण की सुविधा उपलब्ध है।
महानिदेशक ने अभियान के नतीजे साझा करते हुए कहा कि 1 मार्च 2025 से अब तक पंजाब पुलिस ने 35,133 प्राथमिकी दर्ज की हैं और 50,238 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 2229 किलोग्राम हेरोइन, 667 किलोग्राम अफीम, 28 टन पोस्त की भूसी, 68 किलोग्राम चरस, 783 किलोग्राम गांजा, 29 किलोग्राम आईसीई, 4 किलोग्राम कोकीन, 48.64 लाख नशीली गोलियां/टैबलेट और 16.68 करोड़ रुपए की ड्रग मनी जब्त की गई है।
उन्होंने ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान को बड़ी सफलता बताया और कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक राज्य से नशे की बुराई पूरी तरह खत्म नहीं हो जाती। उन्होंने लोगों से ड्रग्स से जुड़ी जानकारी गोपनीय रूप से सेफ पंजाब चैटबॉट 97791-00200 पर देने की अपील की।
इस मौके पर जालंधर पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर, डीआईजी जालंधर रेंज नवीन सिंगला, डीआईजी एएनटीएफ संजीव कुमार रामपाल, डीआईजी एएनटीएफ अखिल चौधरी और एआईजी एएनटीएफ अश्विनी गोट्याल भी मौजूद थे।
–आईएएनएस
एमएस/
