मुंबई, 11 फरवरी (आईएएनएस)। मंगलवार को आई भारी गिरावट के बाद सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को कमोडिटी बाजार में जोरदार हलचल देखने को मिल रही है और कीमती धातुओं सोने और चांदी की कीमतों में मजबूत रिकवरी देखने को मिल रही है। एमसीएक्स पर सुबह से ही दोनों कीमती धातुओं में तेजी का माहौल है। खासतौर पर चांदी, जो मंगलवार को करीब 10,000 रुपए तक टूट गई थी, आज फिर तेजी की राह पर लौटती नजर आ रही है।
बुधवार को शुरुआती कारोबार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना करीब एक प्रतिशत बढ़कर 1,58,436 रुपए प्रति 10 ग्राम के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया। वहीं मार्च डिलीवरी वाली चांदी करीब 3 प्रतिशत चढ़कर 2,62,892 रुपए प्रति किलोग्राम के दिन के उच्च स्तर पर पहुंच गई।
हालांकि खबर लिखे जाने तक (दोपहर करीब 12.56 बजे) एमसीएक्स पर 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला सोना करीब 1 प्रतिशत यानी 1,554 रुपए की तेजी के साथ 1,58,357 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, तो वहीं 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी 3.72 प्रतिशत यानी 9,401 रुपए की उछाल के साथ 2,61,949 रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी।
हालांकि, अगर रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें तो अब भी दोनों धातुएं अपने ऑल टाइम हाई से काफी नीचे हैं। 29 जनवरी को सोने ने 1,83,000 रुपए और चांदी ने 4,20,000 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ था।
अमेरिका में उपभोक्ता खर्च के कमजोर आंकड़े आने के बाद उम्मीद बढ़ी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती कर सकता है, जिस कारण सोने-चांदी की कीमतों में तेजी आई।
शुरुआती कारोबार में डॉलर इंडेक्स भी थोड़ा कमजोर होकर 96.80 से घटकर 96.59 पर आ गया। डॉलर के कमजोर होने से विदेशी निवेशकों के लिए सोना-चांदी थोड़ा सस्ता हो जाता है, जिससे मांग बढ़ती है। इससे भी कीमतों को सहारा मिला।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी की कीमतों में बढ़त देखी गई। अमेरिका में दिसंबर महीने के रिटेल सेल्स के आंकड़े उम्मीद से कम रहे, जिससे यह संकेत मिला कि लोगों का खर्च कम हो रहा है और अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार अब इस साल कम से कम तीन बार ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कर रहा है, जबकि पहले दो बार कटौती की संभावना जताई जा रही थी। ब्याज दर कम होने से सोना-चांदी जैसे निवेश विकल्पों को फायदा होता है।
कॉमेक्स गोल्ड फिलहाल 4,900 से 5,100 डॉलर के दायरे में कारोबार कर रहा है। पहले यह 5,500 से 5,600 डॉलर के ऊंचे स्तर तक पहुंच गया था, जिसके बाद इसमें कुछ गिरावट आई। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट सामान्य मुनाफावसूली है और लंबी अवधि में सोने की स्थिति मजबूत बनी हुई है।
चांदी के बारे में भी कहा गया है कि उद्योगों में इसकी मांग और सप्लाई की कमी लंबे समय में इसकी कीमतों को सहारा दे रही है, हालांकि इसमें उतार-चढ़ाव ज्यादा रहता है। कॉमेक्स सिल्वर के लिए 65 से 70 डॉलर का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है।
विश्लेषकों के अनुसार, सोने के लिए 1,55,500 और 1,54,000 रुपए का स्तर सपोर्ट है, जबकि 1,57,700 और 1,59,000 रुपए पर रेजिस्टेंस हो सकता है। चांदी के लिए 2,44,000 और 2,48,800 रुपए सपोर्ट स्तर हैं, जबकि 2,60,000 रुपए पर रेजिस्टेंस देखा जा सकता है।
निवेशक अब अमेरिका के रोजगार (नॉन-फार्म पेरोल) और महंगाई के आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं, ताकि फेड की आगे की ब्याज दर नीति के बारे में संकेत मिल सके।
–आईएएनएस
डीबीपी/
