गोमतीनगर स्थित घर पहुंचा प्रतीक यादव का शव, गमगीन माहौल में अपर्णा भी पहुंचीं

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का शव, गोमतीनगर स्थित उनके घर पहुंच गया है। शव लेकर पहुंची एंबुलेंस के पीछे शुभचिंतक-समर्थकों की भारी भीड़ पहुंची। उधर, अपर्णा यादव भी असम से अपने घर पहुंच गई हैं। गमगीन माहौल है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। 

बुधवार की सुबह प्रतीक यादव का लखनऊ के गोमतीनगर स्थित उनके घर में निधन हो गया था। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से पहले प्रतीक की मौत हो गई थी। सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच उन्हें ब्रेन डेड के तौर पर अस्पताल लाया गया था। प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम हो चुका है और उसमें मौत का कारण साफ नहीं हुआ है। उधर, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतीक यादव के घर पहुंचकर जांच की। मोबाइल समेत अन्य सामान सुरक्षित किया है। इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव केजीएमयू स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे। सपा समर्थकों में शोक की लहर है और सैफई से लेकर लखनऊ तक यादव परिवार से जुड़े लोग शोक में हैं। 

अपर्णा यादव राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। वह मंगलवार को असम में थीं। बुधवार को पति की मौत की खबर के बाद वह लखनऊ लौटी हैं। 

अभी प्रतीक के अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही हैं। घर के बाहर शुभचिंतकों का जुटान जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत भाजपा के अन्य नेताओं ने प्रतीक के निधन पर शोक जताया है।

अपर्णा के घर पहुंचे पंकज चौधरी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी अपर्णा यादव के घर पहुंचे हैं। इसके अलावा सपा नेता शिवपाल सिंह यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद डिंपल यादव समेत परिवार के अन्य सदस्य और नेता भी घर पहुंचे हैं।

Related Articles

Latest News