Monday, February 23, 2026

मध्य प्रदेश में सियासत भी हुई राममय


भोपाल, 22 जनवरी (आईएएनएस)। अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा ने पूरे देश को राम के रंग में रंग दिया है। मध्य प्रदेश में तो सियासत भी राममय हो गई। भाजपा के साथ कांग्रेस के नेताओं ने भी राम की आराधना में हिचक नहीं दिखाई।

राजधानी भोपाल से लेकर शहरों और गांव की गलियों में राम के नारे गूंजते रहे। मंदिरों-देवालयों से लेकर घरों तक में सुंदरकांड हुआ तो इमारतों को दूधिया रोशनी से नहलाया गया। जमकर आतिशबाजी का दौर भी चला। बाजारों में जगह-जगह भगवा पताकाएं लहराती रही तो सड़कों पर रैलियां का दौर चला।

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में रामधन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद के अलावा बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने हनुमान चालीसा, राम रक्षा स्त्रोत का पाठ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ओरछा पहुंचे और उन्होंने राम राजा के दरबार में विशेष पूजा अर्चना की। इसी तरह भोपाल के करुणा धाम आश्रम में पहुंच कर प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने भजन, कीर्तन और रामायण पाठ में हिस्सा लिया।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी राजधानी के झरनेश्वर हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने महाआरती में हिस्सा लिया और सुंदरकांड का पाठ किया।

प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री अमित शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा के उप नेता हेमंत कटारे के अलावा पूर्व मंत्री पीपी शर्मा और पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने हिस्सा लिया। इसके अलावा राज्य के भाजपा के अलावा कई कांग्रेस नेताओं और उनके परिवारों को अयोध्या से प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रण आया।

कांग्रेस के पूर्व विधायक निलय डागा तो अपनी पत्नी के साथ प्राण प्रतिष्ठा आयोजन में हिस्सा लेने अयोध्या पहुंचे।

–आईएएनएस

एसएनपी/एबीएम


Related Articles

Latest News