पाकिस्तान के बलूचिस्तान में पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या, एक जवान घायल


क्वेटा, 29 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित बरखान जिले में बुधवार को सशस्त्र समूह और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गया। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।

बलूचिस्तान सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, डीएसपी मुरीद बुगती गश्ती पर थे, तभी बंदूकधारियों ने उनके वाहन पर गोलीबारी की और उन्हें अगवा करने की कोशिश की। इस हमले में एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हुआ।

अधिकारियों के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों का पीछा शुरू किया। इस दौरान हथियारबंद लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें डीएसपी बुगती की मौत हो गई और एक कांस्टेबल घायल हो गया। बरखान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अब्दुल हक ने बताया कि सुरक्षा बलों ने हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया है।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान में सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को निशाना बनाकर हमलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, खासकर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा जैसे सीमावर्ती प्रांतों में।

इस बीच, बलूचिस्तान के केच और खुजदार जिलों में विकास परियोजनाओं पर काम कर रहे एक निजी निर्माण कंपनी के सात मजदूरों और चार कर्मचारियों के अपहरण की भी खबर सामने आई है।

अधिकारियों के अनुसार, केच जिले में हथियारबंद हमलावरों ने सात मजदूरों का अपहरण कर लिया। गृह विभाग के सहायक अधिकारी बाबर यूसुफजई ने बताया कि बंधकों में से एक व्यक्ति की अपहरणकर्ताओं ने हत्या कर दी।

एक अन्य घटना में खुजदार जिले में बंदूकधारियों ने एक निर्माण कंपनी के चार कर्मचारियों को अगवा कर लिया।

इस महीने की शुरुआत में भी खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू और लोअर दीर जिलों में हथियारबंद हमलावरों के हमलों में कम से कम दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी और 26 लोग घायल हुए थे, जिनमें 22 पुलिसकर्मी शामिल थे।

बन्नू में मिरयाब पुलिस स्टेशन पर विस्फोटक से लदे वाहन के जरिए हमला किया गया था। जिला पुलिस अधिकारी कैप्टन (सेवानिवृत्त) मुहम्मद फरकान बिलाल ने बताया कि हमलावर विस्फोटक से भरे वाहन को थाने के अंदर ले जाने की कोशिश कर रहे थे, जिसके बाद विस्फोट हुआ और सुरक्षा बलों के साथ गोलीबारी शुरू हो गई।

सूत्रों के हवाले से बताया गया कि हमले से पहले हमलावरों ने थाने तक जाने वाली सड़क पर पहले से क्षतिग्रस्त पुल को निशाना बनाया, ताकि पुलिस और बचाव दल मौके तक न पहुंच सकें।

प्रतिबंधित संगठन इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि विस्फोटक से भरे वाहन में करीब ढाई टन विस्फोटक था, जिसे पुलिस स्टेशन तक पहुंचाया गया।

–आईएएनएस

केआर/


Related Articles

Latest News